आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। भारत रत्न, देश के पूर्व राष्ट्रपति एवं 'मिसाइल मैन' के नाम से विख्यात डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम की पुण्यतिथि पर रविवार को शहर कांग्रेस कार्यालय में श्रद्धांजलि सभा आयोजित की गई। शहर कांग्रेस अध्यक्ष आरिफ खान की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने डॉ. कलाम के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कहा कि डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम ने अपने वैज्ञानिक योगदान, सरल व्यक्तित्व और राष्ट्र के प्रति समर्पण से देश को नई पहचान दिलाई। उन्होंने कहा कि डॉ. कलाम का जीवन युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनके विचार, कार्यशैली और शिक्षा के प्रति समर्पण आज भी नई पीढ़ी को बड़े लक्ष्य निर्धारित कर उन्हें हासिल करने के लिए प्रेरित करते हैं।
वक्ताओं ने कहा कि डॉ. कलाम ने विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में भारत को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। राष्ट्रपति पद पर रहते हुए भी उन्होंने सादगी, ईमानदारी और जनसरोकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके आदर्शों को अपनाकर ही देश को विकास और आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ाया जा सकता है।
इस अवसर पर उपस्थित कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने डॉ. कलाम के बताए मार्ग पर चलने तथा राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया। श्रद्धांजलि सभा में लाल प्रकाश पाल, अनिल सोनकर, हरेंद्र मौर्य, राजकुमार गुप्ता, शाहनवाज मंजूर (सभासद), एब्यूजर शेख (सभासद), गौरव कुशवाहा, सोनू, तौफीक राजू, मोहम्मद ताहिर, रईस अहमद, ज़ैद सिद्दीकी, इकबाल हुसैन, मोहम्मद शारिक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का समापन डॉ. एपीजे अब्दुल कलाम के व्यक्तित्व एवं कृतित्व को स्मरण करते हुए उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुआ।
.jpeg)