आमिर, देवल ब्यूरो ,केराकत । जौनपुर केराकत कोतवाली क्षेत्र के मुर्की गांव में रविवार देर रात एक युवक का शव उसके पिता की वेल्डिंग वर्कशॉप में फंदे से लटका मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मुर्की निवासी सैय्यद अशरफ गांव में वेल्डिंग वर्कशॉप संचालित कर परिवार का भरण-पोषण करते हैं। उनका पुत्र कामिल भी दुकान पर उनके साथ काम करता था। रविवार रात जब कामिल काफी देर तक घर नहीं लौटा तो परिजनों को चिंता हुई। पिता उसकी तलाश करते हुए वर्कशॉप पहुंचे। दुकान खोलते ही अंदर का नजारा देखकर उनके होश उड़ गए। कामिल का शव फंदे से लटका हुआ था।
पिता के शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और देखते ही देखते बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। सूचना पर केराकत पुलिस भी मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस का कहना है कि प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। वहीं गांव में घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। कुछ लोग इसे प्रेम प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं, लेकिन पुलिस ने ऐसी किसी भी संभावना की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
