आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के तहत रविवार को कलेक्ट्रेट स्थित प्रेक्षागृह में जनपद स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संबोधन का सजीव प्रसारण जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं शिक्षकों ने देखा।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि मड़ियाहूं विधायक आर.के. पटेल ने कहा कि प्रदेश सरकार शिक्षकों के कल्याण और उनकी सामाजिक सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से शिक्षक एवं उनके आश्रित गंभीर बीमारी की स्थिति में बिना आर्थिक बोझ के सूचीबद्ध अस्पतालों में कैशलेस उपचार की सुविधा प्राप्त कर सकेंगे, जिससे उन्हें समय पर बेहतर चिकित्सा उपलब्ध होगी।
जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने योजना को शिक्षकों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र शिक्षकों को समयबद्ध तरीके से योजना से जोड़ा जाए तथा कार्ड वितरण की प्रक्रिया तेजी से पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र शिक्षक को योजना के लाभ से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी समीर ने बताया कि विभाग लगातार पात्र शिक्षकों का पंजीकरण कर उन्हें योजना से जोड़ रहा है। साथ ही उन्हें योजना की पात्रता, कैशलेस उपचार की सुविधा और अन्य प्रावधानों की विस्तृत जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही है।
कार्यक्रम के दौरान 20 शिक्षकों को मुख्यमंत्री शिक्षक कैशलेस चिकित्सा योजना के कार्ड वितरित किए गए। संचालन नूपुर श्रीवास्तव ने किया। इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत प्रजापति, अजय कुमार सिंह, मुख्य विकास अधिकारी ध्रुव खाड़िया, जिला महामंत्री पीयूष गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं बड़ी संख्या में शिक्षक उपस्थित रहे।
