आमिर, देवल ब्यूरो ,बक्शा । जौनपुर बक्शा थाना क्षेत्र के कस्बा स्थित बीरभानपुर गांव के पास रेलवे क्रॉसिंग से पहले रविवार देर शाम सड़क किनारे एक बुजुर्ग महिला का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राहगीरों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पहचान कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार मृतका की उम्र करीब 70 वर्ष प्रतीत हो रही है। स्थानीय लोगों ने बताया कि महिला पिछले कई दिनों से बक्शा बाईपास के आसपास घूमती रहती थी और लोगों से भोजन व अन्य सहायता मांगकर अपना जीवनयापन कर रही थी। ग्रामीणों का यह भी कहना है कि कुछ दिन पहले अज्ञात लोग उसे बाइक से लाकर इस क्षेत्र में छोड़ गए थे, जिसके बाद से वह यहीं दिखाई दे रही थी।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के बाद शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखवा दिया है। नियमानुसार शव को 72 घंटे तक सुरक्षित रखा जाएगा, ताकि उसकी पहचान कराई जा सके और परिजनों का पता लगाया जा सके।
मृतका ने गुलाबी रंग का ब्लाउज, नारंगी रंग की साड़ी पहन रखी थी तथा उसके बाएं हाथ में रक्षा सूत्र बंधा हुआ था। पुलिस आसपास के थानों और स्थानीय लोगों की मदद से महिला की शिनाख्त कराने का प्रयास कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पहचान होने के बाद आगे की आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी।
