भारत को टी20 वर्ल्ड कप 2026 में जीत दिलाने वाले संजू सैमसन को जिम्बाब्वे दौरे पर बाहर कर दिया गया। इसके बाद सोशल मीडिया पर तीखी प्रतिक्रिया देखने को मिली। जिस खिलाड़ी ने भारत को करो या मरो जैसे मैचों में लगातार तीन अर्धशतक लगाकर टीम को जीत दिलाई हो, उसे पहले प्लेइंग-11 से ड्रॉप किया गया और फिर टीम से ही बाहर कर दिया गया।
संजू को लेकर अब भारत के पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे ने बड़ा बयान दिया है। रहाणे का कहना है उन्हें उम्मीद है कि संजू के साथ इसको लेकर बात की गई होगी। सैमसन को लेकर कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि उन्हें जिम्बाब्वे दौरे पर आराम दिया गया है। हालांकि, एक फॉर्मेट खेलने वाले खिलाड़ी को आराम देना भी सही नहीं लगता है। ऐसे में ये कहा जा सकता है कि उन्हें टीम से ड्रॉप किया गया है।
अजिंक्य रहाणे ने संजू सैमसन को लेकर दी प्रतिक्रिया
रहाणे ने अपने इंस्टाग्राम पर एक स्टोरी शेयर किया। उन्होंने लिखा, "उम्मीद है कि संजू सैमसन से इस बारे में बात हुई होगी। ये थोड़ा अजीब लगता है कि जो टी20 विश्व कप की जीत में हमारा हीरो था, उसे बाहर कर दिया गया है। मुझे उम्मीद है कि वे जल्द ही टीम में वापसी करेंगे।"
सैमसन का हालिया फॉर्म
संजू पिछले तीन मैचों में बल्ले से अच्छा प्रदर्शन नहीं कर सके हैं। उन्होंने आयरलैंड के खिलाफ 5 और 0 का स्कोर बनाया था। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ पहले टी20 मैच में 1 रन बनाकर आउट हो गए। दूसरे टी20 मैच से उन्हें ड्रॉप कर दिया गया और वैभव सूर्यवंशी को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया। इसके बाद उन्हें जिम्बाब्वे दौरे से ड्रॉप कर दिया गया, जहां प्रभसिमरन सिंह को पहली बार टीम में जगह मिली।
विश्व कप में संजू सैमसन रहे थे हीरो
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में भारत के लिए वेस्टइंडीज के खिलाफ मुकाबला करो या मरो जैसा था। उस मैच में विकेटकीपर बल्लेबाज ने कमाल की बैटिंग की और नाबाद 97 रन बनाए। इसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच में 89 और न्यूजीलैंड के खिलाफ फाइनल में भी उतने ही रन बनाए। वे प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे थे। हालांकि, इसके बाद वे भारत के लिए तीन मैचों में फ्लॉप हुए, तो उन्हें टीम से ही बाहर कर दिया गया।
