देवल संवाददाता, आजमगढ़। जहानागंज थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डकैती की योजना बना रहे पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से कई अवैध असलहे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद किए गए हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है।
पुलिस के अनुसार सोमवार देर रात उपनिरीक्षक लवकुश सोनकर, शिवम त्यागी और गौरव सिंह अपनी टीम के साथ क्षेत्र में चोरी, नकबजनी और डकैती की घटनाओं की रोकथाम के लिए गश्त कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गंभीरवन स्थित कृष्णा कॉलेज के खंडहर में कुछ लोग किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर घेराबंदी कर छापेमारी की और पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनकी पहचान अभिषेक यादव निवासी गेलवारा थाना सिधारी, अजय यादव निवासी जहानाबाद थाना मधुबन (मऊ), आशीष चौहान निवासी गेलवारा थाना सिधारी, जयहिंद मौर्य तथा गोविंद यादव निवासी मोहनाठ थाना निजामाबाद के रूप में हुई।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से तीन .32 बोर पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, दो .315 बोर के अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, एक कटर, एक पाइप हथौड़ी, लोहे की पाइप में लगी चकरी तथा तीन मोबाइल फोन बरामद किए।
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार आरोपियों में कुछ के खिलाफ पहले से भी विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। मामले में विधिक कार्रवाई पूरी कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया है।
