देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। म्योरपुर थाना पुलिस ने शादी का झांसा देकर दुष्कर्म करने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। आरोपी पर पीड़िता का शारीरिक शोषण करने, गर्भवती होने के बाद शादी से इनकार करने तथा विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस के अनुसार, थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी पुत्री को आरोपी ने विवाह का झांसा देकर लंबे समय तक शारीरिक संबंध बनाया, जिससे वह गर्भवती हो गई। जब युवती ने विवाह करने का दबाव बनाया तो आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी। थानाध्यक्ष रविकांत मिश्र ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण कराया गया। क्षेत्राधिकारी दुद्धी प्रभाकर सहनी के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम ने आरोपी गोपाल सिंह गोंड़ उम्र 27 वर्ष पुत्र उदित सिंह गोंड़ निवासी म्योरपुर थाना क्षेत्र को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी करने के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया। गिरफ्तारी करने वाली टीम में कांस्टेबल रामजीत बिंद, आरक्षी आत्रेय पाठक और आरक्षी जितेंद्र कुमार शामिल रहे।
.jpg)