देवल संवाददाता, मऊ। मुख्य विकास अधिकारी विवेक कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में विकास भवन सभागार में जिला गंगा समिति, जिला पर्यावरण समिति,जिला वृक्षारोपण समिति एवं जिला आर्द्रभूमि समिति की संयुक्त समीक्षा बैठक संपन्न हुई। बैठक में जनपद में संचालित वृक्षारोपण अभियान की प्रगति की विस्तृत समीक्षा करते हुए लक्ष्य की शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।बैठक में प्रभागीय निदेशक,सामाजिक वानिकी विभाग पी.के. पांडे ने बताया कि शासन द्वारा जनपद मऊ को वर्ष 2026-27 के लिए 34.29 लाख पौधारोपण का लक्ष्य प्राप्त हुआ है। इसमें वन विभाग द्वारा 15.54 लाख तथा अन्य विभागों द्वारा 18.75 लाख पौधों का रोपण किया जाना है। उन्होंने बताया कि 5 जून से लगातार वृक्षारोपण एवं पौधों के उठान का कार्य किया जा रहा है। जिन विभागों द्वारा अभी तक पौधों का उठान पूर्ण नहीं किया गया है, वे शीघ्र अवशेष पौधों का उठान कर लक्ष्य की पूर्ति सुनिश्चित करें।मुख्य विकास अधिकारी ने सभी संबंधित विभागाध्यक्षों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि पौधों के उठान में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि लक्ष्य पूर्ण करने के लिए केवल दो दिन शेष हैं, इसलिए सभी विभाग कल तक अवशेष पौधों का उठान हर हाल में सुनिश्चित करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी स्तर पर लापरवाही क्षम्य नहीं होगी।उन्होंने निर्देशित किया कि पौधारोपण के उपरांत सभी पौधों की जियो टैगिंग हरितिमा अमृत वन ऐप के माध्यम से अनिवार्य रूप से कराई जाए। साथ ही विगत तीन वर्षों में लगाए गए पौधों की जीवितता (सर्वाइवल) प्रतिशत की विभागवार रिपोर्ट एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराई जाए।निर्धारित समयावधि में रिपोर्ट उपलब्ध न कराने वाले अधिकारियों के विरुद्ध शासन स्तर पर कार्रवाई हेतु पत्राचार किया जाएगा।मुख्य विकास अधिकारी ने 12 जुलाई को आयोजित होने वाले विशाल पौधारोपण अभियान को "इलेक्शन मोड" में संचालित करते हुए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ शत-प्रतिशत लक्ष्य प्राप्त करने के निर्देश दिए।बैठक में डीसी मनरेगा राजीव कुमार,उप कृषि निदेशक,अपर जिला पंचायत राज अधिकारी किरन वर्मा,सहायक मत्स्य निदेशक डॉ. विनोद वर्मा, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
मुख्य विकास अधिकारी की अध्यक्षता में वृक्षारोपण एवं पर्यावरण समितियों की समीक्षा बैठक संपन्न
जुलाई 09, 2026
0
Tags
