कांवड़ियों की सुरक्षा, सुगम आवागमन एवं बेहतर व्यवस्थाओं के लिए अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।आगामी श्रावण मास एवं कांवड़ यात्रा-2026 को सकुशल, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी श्रीमती ईशा प्रिया एवं पुलिस अधीक्षक सुश्री प्राची सिंह ने संबंधित अधिकारियों के साथ तहसील टांडा क्षेत्र के प्रमुख कांवड़ मार्गों एवं धार्मिक स्थलों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने टांडा-फैजाबाद मार्ग स्थित मखदूम नगर में निर्माणाधीन रेलवे ऊपरगामी सेतु, झारखंडी महादेव मंदिर, महादेवा घाट तथा टांडा चौक घंटाघर सहित विभिन्न प्रमुख स्थलों का जायजा लेकर आवश्यक व्यवस्थाओं का अवलोकन किया।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन रेलवे ऊपरगामी सेतु पर कांवड़ियों के सुरक्षित, सुचारू एवं निर्बाध आवागमन को प्राथमिकता देते हुए अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग को सेतु मार्ग को कंकड़ एवं अवरोधों से मुक्त कर समतल एवं सुरक्षित बनाने के निर्देश दिए, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
इसके उपरांत जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने झारखंडी महादेव मंदिर पहुंचकर श्रावण मास में आने वाले श्रद्धालुओं एवं कांवड़ियों के लिए की जा रही व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को पेयजल, स्वच्छता, बैरिकेडिंग, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं को समयबद्ध ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
अधिकारी द्वय ने टांडा चौक घंटाघर से झारखंडी महादेव मंदिर तक के कांवड़ मार्ग का भी भ्रमण कर साफ-सफाई, विद्युत एवं अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। जिलाधिकारी ने कावड़ मार्गों के किनारे लटक रहे ढीले विद्युत तारों को तत्काल व्यवस्थित कराने तथा विद्युत सुरक्षा के दृष्टिगत सभी विद्युत पोलों पर समय से सुरक्षा पॉलिथीन लगाए जाने के निर्देश संबंधित विभाग को दिए।
तत्पश्चात महादेवा घाट का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों ने स्वच्छता एवं सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।जिलाधिकारी ने यहां जल सुरक्षा के मद्देनज़र तीन स्तरीय जल बैरिकेडिंग सुनिश्चित करने, पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की तैनाती करने तथा घाट पर समुचित प्रकाश व्यवस्था उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग, उप जिलाधिकारी टांडा, क्षेत्राधिकारी टांडा, खंड विकास अधिकारी टांडा सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
