आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0, पीएम स्वनिधि योजना एवं मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित व मलिन बस्ती विकास योजना की समीक्षा बैठक में जिलाधिकारी सैमुअल पॉल एन. ने योजनाओं की धीमी प्रगति पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को लंबित कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी योजनाओं का लाभ समयबद्ध तरीके से पात्र लोगों तक पहुंचना चाहिए और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के तहत प्राप्त 6686 आवेदनों में से अब तक केवल 2992 लाभार्थियों का सत्यापन पूरा हो सका है, जबकि 3694 आवेदन अभी भी नगर पंचायत कचगांव और नगर पालिका परिषद मुंगराबादशाहपुर में लंबित हैं। इस पर डीएम ने दोनों निकायों के अधिशासी अधिकारियों को तत्काल सत्यापन पूरा कर रिपोर्ट डूडा कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
पीएम स्वनिधि योजना की समीक्षा में अधिकारियों ने बताया कि प्रथम और द्वितीय ऋण के अधिकांश पात्र लाभार्थियों को योजना का लाभ मिल चुका है। इस पर जिलाधिकारी ने नगर निकायों को योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा तृतीय ऋण के निर्धारित लक्ष्य को हर हाल में पूरा कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री नगरीय अल्पविकसित व मलिन बस्ती विकास योजना की समीक्षा में वर्ष 2024-25 के 95 स्वीकृत कार्यों में से 55 के पूर्ण होने, 36 के निर्माणाधीन रहने तथा वर्ष 2025-26 के 28 स्वीकृत कार्यों के प्रगति पर होने की जानकारी दी गई। जिलाधिकारी ने सभी निर्माण कार्य निर्धारित मानकों एवं गुणवत्ता के अनुरूप कराने के निर्देश देते हुए प्रत्येक कार्य की फोटो सहित प्रगति रिपोर्ट तैयार कर समीक्षा बैठकों में प्रस्तुत करने को कहा।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी अजय अम्बष्ट, सिटी मजिस्ट्रेट इन्द्रनन्दन सिंह, परियोजना अधिकारी डूडा, संबंधित अभियंता तथा सभी नगर निकायों के अधिशासी अधिकारी उपस्थित रहे।
