आमिर, देवल ब्यूरो ,मुंगराबादशाहपुर, जौनपुर। नगर के जंघई रोड स्थित द्विवेदी पैराडाइज स्कूल में पूर्व राज्यपाल एवं पूर्व सांसद प्रोफेसर रीता बहुगुणा जोशी का 78वां जन्मदिन उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में 51 मेधावी एवं जरूरतमंद छात्राओं को साइकिल वितरित कर उन्हें शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया गया।
मुख्य अतिथि क्षेत्राधिकारी सदर परमानन्द कुशवाहा ने कहा कि प्रोफेसर रीता बहुगुणा जोशी का जीवन महिलाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने शिक्षा, समाज सेवा और राजनीति के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान देते हुए महिला सशक्तिकरण को नई दिशा दी है। उन्होंने कहा कि इलाहाबाद विश्वविद्यालय में अध्यापन से लेकर राजनीति तक का उनका सफर संघर्ष, सेवा और समर्पण का उदाहरण है। महिलाओं के अधिकार और सम्मान के लिए उन्होंने हमेशा सड़क से लेकर संसद तक आवाज बुलंद की।
कार्यक्रम में वरिष्ठ समाजसेवी राकेश मिश्रा ने प्रोफेसर रीता बहुगुणा जोशी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए उनके साथ जुड़े संस्मरण साझा किए। वहीं थानाध्यक्ष अश्वनी दुबे और विनोद कुमार ने छात्राओं को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध से बचाव और पुलिस सहायता संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देते हुए हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
समारोह के दौरान आयोजक अभिषेक शुक्ला एवं सौरभ तिवारी की पहल पर 51 मेधावी छात्राओं को मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों द्वारा साइकिल वितरित की गई। इस पहल की उपस्थित लोगों ने सराहना करते हुए इसे छात्राओं की शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय के प्रधानाचार्य मनीष मिश्रा ने की, जबकि संचालन वरिष्ठ समाजसेवी राकेश मिश्रा ने किया। समारोह में क्षेत्राधिकारी सदर परमानन्द कुशवाहा, थानाध्यक्ष मुंगराबादशाहपुर अश्वनी दुबे, थानाध्यक्ष पवारा विनोद कुमार, विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
