आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। भूजल स्तर में लगातार आ रही गिरावट और बढ़ते जल संकट को देखते हुए जौनपुर पुलिस ने “भूजल सप्ताह” के तहत जल संरक्षण एवं जन-जागरूकता शपथ कार्यक्रम का आयोजन किया। पुलिस लाइन स्थित क्वार्टर गार्ड में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने जल बचाने तथा आमजन को इसके प्रति जागरूक करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम का आयोजन वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह के निर्देशन में किया गया, जबकि इसकी अध्यक्षता सहायक पुलिस अधीक्षक/क्षेत्राधिकारी लाइन्स गोल्डी गुप्ता ने की। शपथ के दौरान पुलिसकर्मियों ने जल की प्रत्येक बूंद को अमूल्य मानते हुए उसके विवेकपूर्ण उपयोग, वर्षा जल संचयन, भूजल संवर्धन और प्राकृतिक जल स्रोतों के संरक्षण के लिए सक्रिय भूमिका निभाने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर अधिकारियों ने कहा कि जल संरक्षण केवल सरकारी अभियान नहीं, बल्कि जनभागीदारी का विषय है। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने दैनिक जीवन में जल की बर्बादी रोकने का संकल्प ले, तो भविष्य में जल संकट की समस्या से काफी हद तक निपटा जा सकता है। पुलिसकर्मियों से अपने कार्यस्थल और घरों में जल बचाने के साथ-साथ समाज में भी इस संबंध में जागरूकता फैलाने की अपील की गई।
कार्यक्रम में प्रतिसार निरीक्षक सहित पुलिस लाइन के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सभी से जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाने और आने वाली पीढ़ियों के लिए जल संसाधनों को सुरक्षित रखने का आह्वान किया।
