देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (भाकपा) के कार्यकर्ताओं ने सोमवार को राज्यव्यापी आंदोलन के तहत विभिन्न मांगों को लेकर जिला मुख्यालय पर प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने जुलूस निकालकर कलेक्ट्रेट पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन अपर जिलाधिकारी को सौंपा।
भाकपा के प्रदेश राज्य कार्यकारिणी सदस्य आर. के. शर्मा ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण की उच्चतम न्यायालय की निगरानी में न्यायिक आयोग से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए तथा यदि किसी प्रकार की धनराशि का गबन हुआ है तो उसकी बरामदगी कर जनहित में खर्च किया जाए। भाकपा के जिला सह सचिव देव कुमार विश्वकर्मा ने हाल की विभिन्न घटनाओं, शिक्षा व्यवस्था, पेपर लीक और कानून-व्यवस्था के मुद्दों को उठाते हुए सरकार की नीतियों की आलोचना की। वहीं जिला कोषाध्यक्ष प्रेमचंद गुप्ता ने महंगाई, बिजली निजीकरण, स्मार्ट मीटर, किसानों की समस्याओं तथा दलित, आदिवासी, महिलाओं एवं अल्पसंख्यकों से जुड़े मुद्दों पर चिंता जताई। ज्ञापन में पार्टी ने अयोध्या राम मंदिर चढ़ावा प्रकरण
की न्यायिक जांच, दोषियों की गिरफ्तारी, फास्ट ट्रैक कोर्ट में मुकदमा चलाने, मंदिर निर्माण एवं भूमि खरीद की जांच, पेपर लीक मामलों की उच्चस्तरीय जांच, बंद किए गए विद्यालयों एवं शिक्षण संस्थानों को पुनः संचालित करने तथा अन्य जनहित के मुद्दों पर कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन में बड़ी संख्या में भाकपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
.jpg)