देवल संवाददाता लालगंज (आजमगढ़) देवगांव मूसलाधार बारिश से जहां लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली वहीं देवगांव में जलभराव की समस्या ने स्थानीय लोगों की मुश्किलें बढ़ा दीं। देवगांव बाजार में हुई बारिश ने स्थानीय व्यवस्थाओं की पोल खोल दी। रोड पट नालियां जाम होने और जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने के कारण बाजार की सड़कों पर पानी भर गया। कई स्थानों पर पानी घरों में घुस गया जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय दुकानदारों और राहगीरों को जलभराव के बीच आवागमन करना पड़ा। उधर लालगंज तहसील क्षेत्र के सिनेमा हाल के सामने मुख्य सड़क पर भी भारी जलभराव हो गया। सड़क पर जमा पानी के कारण वाहन चालकों, राहगीरों और दुकानदारों को दिक्कतो का सामना करना पड़ता है। लोगों का कहना है कि नाला निर्माण पुरा नहीं होने और नालियों की नियमित सफाई न होने से हर बारिश में ऐसी स्थिति पैदा हो जाती है। बारिश का असर लालगंज देवगांव, गड़ौली, बेरमा, करियागेपालपुर, मिर्जा आदमपुर समेत क्षेत्र के कई गांवों में देखने को मिला। देवगांव निवासी रमाशंकर ने बताया कि कई दिनों से पड़ रही उमस भरी गर्मी से लोग परेशान थे, लेकिन बारिश के बाद मौसम सुहावना हो गया। वहीं मसीरपुर निवासी धर्मराज सिंह ने कहा कि एक जून को भीषण गर्मी थी, लेकिन मौसम का मिजाज बदलने से लोगों ने राहत की सांस ली। हालांकि बारिश ने गर्मी से राहत दी। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से नालियों की सफाई और स्थायी जल निकासी व्यवस्था की मांग की है।
