आमिर, देवल ब्यूरो ,चंदवक। जौनपुर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (एनएचएम) उत्तर प्रदेश की राज्य स्तरीय टीम ने बुधवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) डोभी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) हिसामपुर तथा आयुष्मान आरोग्य मंदिर चंदवक का निरीक्षण कर स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान राज्य कार्यक्रम प्रबंधक इकाई के जेडीडीजीएमएच डॉ. पंकज सक्सेना, जिला कार्यक्रम प्रबंधक (डीपीएम) वाराणसी बृजेश मिश्रा, डीएएम पवन कुमार वर्मा, पैथोलॉजिस्ट डॉ. अजहर तथा जिला कार्यक्रम प्रबंधक प्रभुनाथ ने विभिन्न स्वास्थ्य केंद्रों पर उपलब्ध जांच सुविधाओं, डायग्नोस्टिक सेवाओं, मरीजों को मिल रही स्वास्थ्य सुविधाओं तथा जांचों की भौतिक प्रगति की समीक्षा की।
टीम ने स्थानीय स्तर पर संचालित मॉनिटरिंग व्यवस्था का भी मूल्यांकन किया और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। अधिकारियों ने यह भी देखा कि आमजन को आवश्यक जांच एवं उपचार की सुविधाएं समय पर और सुगमता से उपलब्ध हो रही हैं या नहीं।
निरीक्षण के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोभी के अधीक्षक डॉ. जितेंद्र कुमार गुप्ता, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अभय राज सिंह, ब्लॉक कार्यक्रम प्रबंधक विशाल कुमार दुबे, लैब टेक्नीशियन एवं लैब असिस्टेंट पंकज कुमार तथा ऑपरेटर पंकज सहित अन्य स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
