देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट-2023 के अंतर्गत जनपद में प्रस्तावित पम्प्ड स्टोरेज परियोजनाओं (पीएसपी) की प्रगति की समीक्षा शुक्रवार को जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित बैठक में की गई। बैठक में विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी परियोजनाओं की अद्यतन स्थिति से जिलाधिकारी को अवगत कराया।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि परियोजनाओं के साथ-साथ कंपनियां अपने सामाजिक दायित्वों (सीएसआर) का भी गंभीरता से निर्वहन करें। उन्होंने परियोजना क्षेत्रों से जुड़े गांवों के विद्यालयों के कायाकल्प, संपर्क मार्गों की मरम्मत, पेयजल, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं के विकास को प्राथमिकता देने पर बल दिया, ताकि स्थानीय ग्रामीणों को विकास का प्रत्यक्ष लाभ मिल सके। जिलाधिकारी ने सभी पीएसपी कंपनियों को निर्देशित किया कि वे सीएसआर मद से कराए जाने वाले विकास कार्यों की विस्तृत
कार्ययोजना एक सप्ताह के भीतर जिला प्रशासन को उपलब्ध कराएं। उन्होंने कहा कि उद्योगों का उद्देश्य केवल परियोजनाओं का निर्माण नहीं, बल्कि स्थानीय क्षेत्रों के समग्र विकास में भी भागीदारी सुनिश्चित करना होना चाहिए। बैठक में पर्यावरण संरक्षण पर विशेष जोर देते हुए जिलाधिकारी ने कंपनियों को पहाड़ी एवं बंजर भूमि पर बड़े पैमाने पर पौधारोपण करने के निर्देश दिए। उन्होंने सीड बॉल तकनीक के माध्यम से हरियाली बढ़ाने, लगाए गए पौधों के संरक्षण तथा व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाकर प्हरित सोनभद्रष के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) वागीश कुमार शुक्ल, महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र विनोद कुमार चौधरी, अपर जिला सूचना अधिकारी विनय कुमार सिंह, उद्यम मित्र नितिन कुमार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं विभिन्न पीएसपी कंपनियों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
.jpg)