देवल संवाददाता, मऊ। सामाजिक वानिकी प्रभाग, मऊ द्वारा वन महोत्सव-2026 के अंतर्गत हलधरपुर थाना क्षेत्र के ढोलवन ग्राम स्थित शारदा सहायक नहर के किनारे वृक्षारोपण अभियान का शुभारंभ किया गया। सामाजिक वानिकी प्रभाग, मऊ रेंज की ओर से आयोजित इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के मंडल अध्यक्ष विनोद मौर्य,प्रभागीय निदेशक सामाजिक वानिकी प्रभाग मऊ पी.के. पाण्डेय,वन क्षेत्राधिकारी ए.के. उपाध्याय तथा जिला परियोजना अधिकारी डॉ. हेमंत यादव ने पौधारोपण कर अभियान का शुभारंभ किया।वन महोत्सव के अंतर्गत रामभजन सिंह पी.जी. कॉलेज,हलधरपुर में आम महोत्सव एवं पौध वितरण कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। इस अवसर पर 50 छात्र-छात्राओं को आम के पौधे वितरित किए गए। कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. कंचन सिंह, डॉ. रामनारायण यादव, डॉ. अभिषेक राय, डॉ. विनय राजभर, डॉ. विनोद यादव सहित समस्त शिक्षकगण एवं छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण,दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ हुआ।
अपने संबोधन में प्रभागीय निदेशक पी.के. पाण्डेय ने कहा कि पौधों की देखभाल अपने बच्चों की तरह करनी चाहिए। यदि प्रत्येक व्यक्ति अपने माता-पिता अथवा किसी प्रियजन की स्मृति में एक पौधा लगाकर उसका संरक्षण करे, तो पर्यावरण संरक्षण का यह अभियान जन-जन का आंदोलन बन सकता है।डॉ. हेमंत यादव ने उपस्थित जनसमूह को वृक्षारोपण करने, वृक्षों के संरक्षण तथा नदियों को स्वच्छ रखने की शपथ दिलाई। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि वर्तमान समय में भारत सहित यूरोप के अनेक देश भीषण हीट वेव और जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों का सामना कर रहे हैं। इसका प्रमुख कारण वृक्षों की अंधाधुंध कटाई है। यदि हमें हीट वेव, सूखा, ग्रीनहाउस प्रभाव तथा पर्यावरणीय संकट जैसी चुनौतियों से आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित रखना है,तो प्रत्येक नागरिक को वृक्षारोपण के साथ-साथ पौधों के संरक्षण का भी संकल्प लेना होगा। उन्होंने कहा कि आज हम जिन फलदार वृक्षों का लाभ उठा रहे हैं, वे हमारे पूर्वजों द्वारा लगाए गए थे। उसी प्रकार आज लगाया गया प्रत्येक पौधा आने वाली पीढ़ियों के लिए एक अमूल्य धरोहर बनेगा। इसलिए केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनके जीवित रहने तक उनकी नियमित देखभाल करना भी प्रत्येक नागरिक का दायित्व है।कार्यक्रम के अंत में उपस्थित सभी लोगों ने अधिक से अधिक पौधे लगाने,उनका संरक्षण करने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए निरंतर कार्य करने का सामूहिक संकल्प लिया।
