देवल संवाददाता, मऊ। मुख्य विकास अधिकारी विवेक श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला श्रम बंधु की बैठक आयोजित की गई। बैठक में श्रमिक संगठनों के प्रतिनिधियों एवं संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ श्रम विभाग द्वारा संचालित योजनाओं तथा श्रमिक कल्याण से जुड़े विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। मुख्य विकास अधिकारी ने निर्देश दिए कि श्रम विभाग विभिन्न स्थानों पर विशेष शिविर आयोजित कर निर्माण श्रमिकों का अधिक से अधिक पंजीकरण एवं नवीनीकरण सुनिश्चित करे तथा पात्र श्रमिकों को विभागीय कल्याणकारी योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चला
ए। उन्होंने कहा कि प्रत्येक विभाग न्यूनतम मजदूरी एवं महंगाई भत्ते से संबंधित प्रावधानों का समयबद्ध अनुपालन सुनिश्चित करे।बैठक में बताया गया कि उत्तर प्रदेश भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड में पंजीकरण के लिए श्रमिक की आयु 18 से 60 वर्ष के बीच होनी चाहिए तथा उसने पिछले एक वर्ष में कम से कम 90 दिन निर्माण कार्य किया हो। ऑनलाइन आवेदन के लिए आधार कार्ड, बैंक पासबुक,आधार से लिंक मोबाइल नंबर,नामिनी का आधार कार्ड तथा 40 रुपये शुल्क आवश्यक है। आवेदन जन सेवा केंद्र अथवा बोर्ड के अधिकृत पोर्टल के माध्यम से किया जा सकता है।मुख्य विकास अधिकारी ने कन्या विवाह अनुदान,निर्माण कामगार मृत्यु एवं दिव्यांग सहायता, मातृत्व,शिशु एवं बालिका मदद तथा संत रविदास शिक्षा प्रोत्साहन योजना का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर बल दिया। उन्होंने श्रमिकों को अधिकाधिक रोजगार उपलब्ध कराने,पंजीकृत श्रमिकों का समय पर नवीनीकरण कराने तथा सभी पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में श्रमिकों को 30 दिन कार्य कराने के बावजूद 26 दिन का ही भुगतान किए जाने की शिकायत पर गंभीर चर्चा हुई। श्रमिकों को साप्ताहिक अवकाश, नियमानुसार छुट्टियां उपलब्ध कराने तथा अवकाश सूची तैयार करने पर भी विचार-विमर्श किया गया। साथ ही श्रमिक संगठनों से श्रमिकों को नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने और शराब सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों की जानकारी देने का आह्वान किया गया।
श्रमिकों के पंजीकरण, नवीनीकरण एवं योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार पर दिया गया जोर
जुलाई 20, 2026
0
Tags
