पिछले तीन मैचों में संजू सैमसन के आंकड़ों ने वैभव सूर्यवंशी के पदार्पण की तपिश को और बढ़ा दिया है। जैसे-जैसे संजू के रन इकाई में सिमटते जा रहे हैं, वैसे-वैसे कुछ साल पहले दहाई की उम्र में प्रवेश करने वाले वैभव को मौका देने की मांग उठ रही है।
आयरलैंड से पहली सीरीज हारने के झटके ने संजू की लाइफलाइन को और छोटा कर दिया है। वर्षा के कारण रद हुए इंग्लैंड के विरुद्ध पिछले मैच में भी वह 01 रन ही बना सके। वह तो भला हो अभिषेक शर्मा और कप्तान श्रेयस अय्यर का जिन्होंने पचासे ठोक कर स्कोर को 189 पर पहुंचाया।
मुख्य कोच गौतम गंभीर अपने खिलाड़ियों को लंबा रास्ता देने का सोच रखते हैं लेकिन संजू अपने रास्ते को खुद ब खुद छोटा करते जा रहे हैं। शनिवार को मैनचेस्टर में संजू को मौका मिलेगा या असाधारण प्रतिभाशाली वैभव उनकी जगह ओपनिंग करने उतरेंगे ये आज तय होगा।
सीम लेती पिचों पर तकनीक के मामले में सैमसन की कमजोरी सामने आती है। राजस्थान के टोंक के रहने वाले आयरलैंड के गुमनाम से तेज गेंदबाज जय मूंदड़ा ने उनकी कमजोरी का फायदा उठाकर उनका विकेट लिया। टीम प्रबंधन 15 वर्ष के सूर्यवंशी को लेकर कोई हड़बड़ी नहीं करना चाहता लेकिन अगले कुछ मैचों में उन्हें नहीं उतारा गया तो इस फैसले पर सवाल उठने तय हैं।
अभिषेक की जगह पक्की
दूसरे ओपनर अभिषेक शर्मा ने पिछले तीन मैचों में से दो में 49 और 59 रन बनाकर अपनी जगह पक्की कर ली है। सैमसन के अलावा उपकप्तान तिलक वर्मा को भी मध्यक्रम में तेज खेलना होगा। स्पिनरों के आने के बाद वह तेजी से रन नहीं बना पाते हैं।
इस साल 12 टी-20 में वह सिर्फ 12 छक्के लगा सके हैं। एक फिनिशर के लिए यह बेहद खराब आंकड़ा है। स्पिनरों की मददगार ओल्ड ट्रैफर्ड की पिच पर गेंदबाजी में किसी बदलाव की संभावना नहीं है।
इंग्लैंड की टीम मजबूत
पहले टी-20 के शुरुआती ओवरों में ही इंग्लिश टीम ने बता दिया था कि वह आयरिश टीम से ज्यादा अनुभवी और खतरनाक हैं। उन्हें वर्षा के कारण बल्लेबाजी का मौका नहीं मिला लेकिन उनके पास कप्तान हैरी ब्रूक के साथ फिल सॉल्ट और टॉम बेंटन जैसे ताबड़तोड़ बल्लेबाज हैं। पिछले मैच की तरह इंग्लैंड ने एक दिन पहले ही अंतिम 11 घोषित करके बता दिया है कि वह किस मानसिकता के साथ उतरेंगे।
भारतीय टीम
श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा, रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, सूर्यांश शेडगे, प्रसिद्ध कृष्णा, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, वरुण चक्रवर्ती।
इंग्लैंड की प्लेइंग 11
हैरी ब्रूक (कप्तान), फिल साल्ट, जैकब बेथेल, टाम बेंटन, सैम कर्रन, जोस बटलर, विल जैक्स, लियाम डासन, जोफ्रा आर्चर, आदिल रशीद, जोस टंग।
