आमिर, देवल ब्यूरो ,मछलीशहर, जौनपुर। दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के दौरान हुए कथित लाठीचार्ज के विरोध में बुधवार को मछलीशहर तहसील के अधिवक्ताओं ने जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया। अधिवक्ताओं ने तहसील गेट पर एकत्र होकर नारेबाजी की और घटना की कड़ी निंदा करते हुए इसे लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया।
प्रदर्शन के बाद अधिवक्ताओं ने राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन उपजिलाधिकारी (एसडीएम) को सौंपा। ज्ञापन में मांग की गई कि प्रदर्शन के दौरान छात्रों पर लाठीचार्ज करने के लिए जिम्मेदार पुलिसकर्मियों के खिलाफ तत्काल मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराई जाए, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
अधिवक्ताओं का कहना था कि शांतिपूर्ण ढंग से अपनी बात रखने वाले छात्रों पर बल प्रयोग लोकतांत्रिक मूल्यों और संविधान द्वारा प्रदत्त अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार के विपरीत है। उन्होंने सरकार से दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने तथा नागरिकों के संवैधानिक अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करने की मांग की।
प्रदर्शन में अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जितेन्द्र कुमार श्रीवास्तव, महामंत्री आलोक कुमार विश्वकर्मा, भरतलाल यादव, सरजू प्रसाद बिन्द, बाबू राम, बेचन राम, इंदु प्रकाश सिंह, जय प्रकाश दुबे, वेद प्रकाश श्रीवास्तव, विकास यादव, वीरेन्द्र कुमार मौर्य सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता मौजूद रहे।
.jpeg)