देवल संवाददाता, मऊ। पीएम श्री विद्यालयों में तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से बेसिक शिक्षा विभाग के सहयोग से जिले के शिक्षकों के लिए डिजिटल लाइब्रेरी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में केडीएस सर्विसेज प्राइवेट लिमिटेड एवं आईड्रीम एजुकेशन का सहयोग रहा। प्रशिक्षण में जिले के 07 पीएम श्री विद्यालयों के दो दो शिक्षकों ने भाग लिया।प्रशिक्षण का संचालन आईड्रीम एजुकेशन की ओर से किया गया। इस दौरान शिक्षकों को डिजिटल लाइब्रेरी के प्रभावी संचालन, स्मार्ट कक्षाओं में डिजिटल शिक्षण संसाधनों के उपयोग तथा तकनीक आधारित शिक्षण पद्धतियों की विस्तृत जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में बताया गया कि विषयवार वीडियो,डिजिटल सामग्री एवं गतिविधि आधारित शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों की सहभागिता बढ़ाने के साथ-साथ उनके सीखने के स्तर में भी प्रभावी सुधार किया जा सकता है।कार्यक्रम में शिक्षकों ने डिजिटल संसाधनों के उपयोग को लेकर उत्साहपूर्वक सहभागिता की तथा इसे विद्यालयों में प्रभावी ढंग से लागू करने का संकल्प व्यक्त किया।
