देवल संवाददाता, बूढनपुर (आजमगढ़):क्रिसेंट सिटी स्कूल, बड़ागांव, बूढनपुर-आजमगढ़ में छात्र नेतृत्व को प्रोत्साहित करने एवं विद्यार्थियों में लोकतांत्रिक मूल्यों का विकास करने के उद्देश्य से स्कूल हेड बॉय एवं स्कूल हेड गर्ल के निर्वाचन हेतु छात्र परिषद का चुनाव अत्यंत सफलतापूर्वक एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न कराया गया।इस चुनाव में कक्षा 4 से कक्षा 12 तक के विद्यार्थियों ने पूरे उत्साह, अनुशासन एवं जिम्मेदारी के साथ भाग लिया। मतदान की प्रक्रिया बैलेट पेपर के माध्यम से संपन्न कराई गई, जिससे विद्यार्थियों को लोकतांत्रिक चुनाव प्रक्रिया का व्यावहारिक अनुभव प्राप्त हुआ। सभी छात्र-छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए निष्पक्ष एवं पारदर्शी मतदान में भाग लिया।
मतगणना के उपरांत मिस कौशिकी दुबे को स्कूल हेड गर्ल तथा मास्टर प्रभात गुप्ता को स्कूल हेड बॉय के रूप में निर्वाचित घोषित किया गया। परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में हर्ष एवं उत्साह का वातावरण छा गया तथा सभी विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने विजयी प्रत्याशियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।चुनाव प्रक्रिया का सफल संचालन विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री प्रेम शंकर सिंह, कोऑर्डिनेटर श्रीमती शगुफ्ता नाज़, प्रभारी श्री शशिकांत सिंह तथा लेखाकार श्री सुनील यादव की उपस्थिति एवं मार्गदर्शन में पूर्ण निष्पक्षता, पारदर्शिता एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हुआ। विद्यालय प्रशासन एवं समस्त शिक्षकों ने चुनाव व्यवस्था को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
विद्यालय प्रशासन ने बताया कि इस प्रकार की लोकतांत्रिक गतिविधियाँ विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, उत्तरदायित्व, अनुशासन, टीम भावना, निर्णय लेने की क्षमता तथा लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति सम्मान विकसित करने में अत्यंत सहायक होती हैं। भविष्य में भी विद्यालय विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए इस प्रकार की शैक्षिक एवं नेतृत्व विकास संबंधी गतिविधियों का नियमित आयोजन करता रहेगा।
