आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के प्रस्तावित जौनपुर दौरे को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। इसी क्रम में मंगलवार को जिलाधिकारी सैमुअल पाल एन. एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कुँवर अनुपम सिंह ने थाना सरायख्वाजा क्षेत्र स्थित वीर बहादुर सिंह पूर्वांचल विश्वविद्यालय परिसर का स्थलीय निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कार्यक्रम स्थल की सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग स्थल, बैरिकेडिंग, वीआईपी आगमन एवं प्रस्थान मार्ग, प्रवेश-निकास व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक इंतजामों का बारीकी से निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों से तैयारियों की जानकारी ली और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
जिलाधिकारी ने सभी व्यवस्थाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने के निर्देश देते हुए कहा कि कार्यक्रम के दौरान किसी भी प्रकार की अव्यवस्था नहीं होनी चाहिए। वहीं एसएसपी ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को पूरी सतर्कता बरतने, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती और प्रत्येक बिंदु पर कड़ी निगरानी रखने के निर्देश दिए।
दोनों अधिकारियों ने कहा कि राज्यपाल के प्रस्तावित कार्यक्रम को सफल, सुरक्षित और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें तथा अपनी जिम्मेदारियों का पूरी गंभीरता से निर्वहन सुनिश्चित करें।
.jpeg)