देवल संवाददाता, मऊ। जनपद में आधुनिक चिकित्सा की नींव रखने वाले प्रसिद्व चिकित्सक डाॅ संजय सिंह को हैदराबाद में आयोजित एक भव्य समारोह में हाइपरटेंशन की दिशा में सर्वोत्तम कार्य करने के लिए सम्मानित किया गया। वर्ल्ड हाइपरटेंशन लीग,यूरोपियन सोसाइटी आफ हाइपरटेंशन तथा इंडियन सोसाइटी आफ हाइपरटेंशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्वांचल में हाइपरटेंशन कम करने की दिशा में डाॅ सिंह के अवदान को देखते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया।डाॅ संजय सिंह ने बताया कि शुरुआत में हाइपरटेंशन के लक्षण नहीं दिखते। इसलिए इसे साइलेंट किलर भी कहते हैं। बार-बार कम या ज्यादा ब्लड प्रेशन होना,ज्यादा नमक सेवन,फास्ट फूड,नींद पूरा न होना,मोटापा,तनाव,धूम्रपान,शराब-तंबाकू का सेवन आदि इसके प्राथमिक कारण होते हैं जो बाद में किडनी की बीमारी,थायराइड की समस्या,हाॅर्मोन से जुड़ी गड़बड़ी आदि समस्या में बदल जाते हैं। पिछले बीस वर्ष से आजमगढ़ मंडल सहित पूर्वांचल में इस दिशा में लोगों को जागरुक करने के साथ प्रभावी ढंग से इसका निदान किया गया है। डाॅ संजय सिंह को यह सम्मान मिलने पर चिकित्सा जगत,समाजसेवियों सहित अनेक सामाजिक संगठनों ने उन्हें बधाई दी है।
