देवल संवाददाता, आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र के देवारा तुर्कचारा गांव में बुधवार शाम आम के बाग में 28 वर्षीय युवक का शव पेड़ से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान गांव निवासी मनोज तिवारी के रूप में हुई है। वह कर्ज लेकर शादी-विवाह व अन्य आयोजनों के लिए डेकोरेशन का व्यवसाय करता था। इसी दौरान उसने मकान का निर्माण भी कराया था। परिजनों के अनुसार कारोबार में लगातार आई मंदी के कारण उस पर 20 लाख रुपये से अधिक का कर्ज हो गया था। आर्थिक तंगी के चलते वह लंबे समय से मानसिक तनाव में था और रात में नींद की दवा भी लेता था।
बताया गया कि बुधवार दोपहर मनोज घर से निकला था। देर शाम गांव के कुछ लोग शौच के लिए सिवान की ओर गए तो घर से करीब 500 मीटर दूर आम के बाग में उसका शव साड़ी के सहारे पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मौके पर जुट गई।
महराजगंज थाना पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
मनोज दो भाइयों और एक बहन में दूसरे नंबर पर था। उसकी असामयिक मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है।]
