देवल संवाददाता, आजमगढ़। जनपद की साइबर क्राइम थाना पुलिस ने 15.50 लाख रुपये की साइबर ठगी से जुड़े एक शातिर साइबर अपराधी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के खिलाफ विभिन्न राज्यों से राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल (NCRP) पर कुल 13 शिकायतें दर्ज मिली हैं। पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन और 1,350 रुपये नकद बरामद किए हैं। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए गए अभियान के तहत प्रतिबिंब पोर्टल से प्राप्त संदिग्ध मोबाइल नंबर की जांच की गई। सीडीआर और समन्वय पोर्टल के विश्लेषण में उक्त मोबाइल नंबर और उससे संबंधित आईएमईआई पर कुल 13 एनसीआरपी शिकायतें मिलीं, जिनमें लगभग 15.50 लाख रुपये की साइबर ठगी की पुष्टि हुई। जांच के दौरान मोबाइल नंबर के धारक की पहचान थाना तरवां क्षेत्र के सरायवृन्दावन गांव निवासी 44 वर्षीय पंकज सिंह के रूप में हुई। पुलिस ने 30 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर उसे गांव स्थित ट्यूबवेल के पास से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर उसके खिलाफ थाना साइबर क्राइम में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 317(2), 318(4), 319(2) तथा आईटी एक्ट की धारा 66D के तहत मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह पिछले चार-पांच वर्षों से साइबर ठगी में सक्रिय था। वह Just Dial के माध्यम से निर्माण उपकरण संचालकों का नंबर हासिल कर खुद को एलएंडटी, नवी मुंबई का कर्मचारी बताता था और जेसीबी, बुलडोजर सहित अन्य मशीनों को काम दिलाने का झांसा देकर ठगी करता था। इसके अलावा फर्जी मनी क्रेडिट मैसेज भेजने, सॉफ्टवेयर बेचने के नाम पर धोखाधड़ी करने तथा ठगी की रकम विभिन्न जनसेवा केंद्रों के क्यूआर कोड के माध्यम से मंगवाकर नकद निकालने की बात भी स्वीकार की है। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से बरामद मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ाई जा रही है। मामले में अन्य संभावित आरोपियों और साइबर ठगी के नेटवर्क की भी पड़ताल की जा रही है।
फर्जीवाड़ा कर लाखों रुपये उड़ाने वाले मास्टरमाइंड की कटी फरारी, हवालात पहुंचा आरोपी
जुलाई 31, 2026
0
Tags
