देवल संवाददाता, मऊ। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों की समस्याओं एवं उनके सम्मान से जुड़े मुद्दों को लेकर कोपागंज क्षेत्र के कसारा में शुक्रवार शाम 5:00 बजे एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का नेतृत्व स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार के वरिष्ठ सदस्य प्रिंसिपल सुशील कुमार पांडे ने किया,जबकि अध्यक्षता अधिवक्ता मोहम्मद अंसारी ने की।बैठक में वक्ताओं ने कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिवार आज स्वयं को उपेक्षित महसूस कर रहे हैं। जिन वीरों ने देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर किया,जेल की यातनाएं सही,गोलियां खाईं और फांसी के फंदे को हंसते-हंसते स्वीकार किया,उनके परिवारों का सम्मान और संरक्षण सुनिश्चित किया जाना चाहिए।प्रिंसिपल सुशील कुमार पांडे ने सरकार से मांग करते हुए कहा कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों को दी जा रही आरक्षण की सुविधा को एक और पीढ़ी तक बढ़ाया जाए,ताकि उनके परिवारों को उचित सम्मान और अवसर मिल सकें।अधिवक्ता मोहम्मद अंसारी ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों के सदस्यों को सरकारी नौकरी में इन को रखा जाए तथा उनके लिए निःशुल्क दवा एवं समुचित चिकित्सा व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।प्रभाकर सिंह ने कहा कि जो स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवार आज आर्थिक कठिनाइयों से जूझ रहे हैं,उन्हें सरकार द्वारा विशेष आर्थिक सहायता प्रदान की जानी चाहिए।बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि स्वतंत्रता संग्राम सेनानी परिवारों के सम्मान,अधिकार और कल्याण से संबंधित मांगों को सरकार तक पहुंचाने के लिए एक प्रतिनिधिमंडल शीघ्र ही संबंधित अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेगा।इस अवसर पर अधिवक्ता सिराज अहमद,अधिवक्ता राज कपूर,सबधन चौहान,प्रभाकर सिंह,राकेश सिंह,दिनेश सिंह,आलोक, दिनेश कुमार सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
