जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की टी20 सीरीज में श्रेयस अय्यर बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। उनके पास एमएस धोनी और सुरेश रैना जैसे खिलाड़ियों का रिकॉर्ड तोड़ने का मौका है। अय्यर कप्तान के तौर पर अब तक एक भी जीत नहीं दर्ज कर सके हैं और वे जिम्बाब्वे में टीम इंडिया को सीरीज में जीत दिलाना चाहेंगे।
जिम्बाब्वे के खिलाफ सीरीज जीतने के लिए अय्यर का बल्ला चलना जरूरी है। ऐसे में अगर वे अच्छा प्रदर्शन करते हैं, तो जिम्बाब्वे में इतिहास रच सकते हैं। उनके पास धोनी-रैना जैसे दिग्गजों को पीछे छोड़ने का मौका है। जिम्बाब्वे के खिलाफ टी20 सीरीज की बात करें, तो ये 23 जुलाई से शुरू होगी, जिसके लिए टीम इंडिया हरारे पहुंच चुकी है।
श्रेयस अय्यर के पास इतिहास रचने का मौका
जिम्बाब्वे के खिलाफ होने वाली सीरीज में अय्यर के पास इतिहास रचने का मौका है। वे धोनी और रैना को एक खास मामले में पीछे छोड़ सकते हैं। दरअसल, अय्यर ने अपने करियर में अब तक 58 मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 51 छक्के लगाए हैं। अगर जिम्बाब्वे के खिलाफ 23 जुलाई को खेले जाने वाले मुकाबले में वे एक छक्का लगाते हैं, तो धोनी की बराबरी कर लेंगे। धोनी ने भारत के लिए टी20 में 52 छक्के लगाए हैं।
अगर अय्यर दो छक्के लगाते हैं, तो वे भारत के लिए टी20 में सबसे अधिक छक्के लगाने के मामले में धोनी को पीछे छोड़ देंगे। इसके अलावा उनके पास रैना का रिकॉर्ड तोड़ने का भी मौका होगा। रैना ने भारत के लिए टी20 फॉर्मेट में 58 छक्के लगाए हैं। ऐसे में अय्यर अगर इस सीरीज में 8 छक्के लगाते हैं, तो वे रैना को भी पीछे छोड़ देंगे। अगर वे ऐसा करते हैं, तो भारत के लिए सबसे अधिक छक्के लगाने वाले बल्लेबाजों की लिस्ट में 12वें नंबर पर आ जाएंगे।
अय्यर का टी20 करियर
अय्यर के टी20 करियर पर नजर डालें, तो उन्होंने 58 मैचों की 54 पारियों में 31.79 की औसत और 138.63 की स्ट्राइक रेट के साथ 1335 रन बनाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से 10 अर्धशतक निकले हैं, जबकि उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 80 रन रहा है।
