देवल संवाददाता, मऊ। जिलाधिकारी के निर्देशन एवं जिला प्रोबेशन अधिकारी के कुशल नेतृत्व में महिला कल्याण विभाग,जनपद मऊ की हब फॉर इंपॉवरमेंट ऑफ वूमेन टीम द्वारा कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, रानीपुर में बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ एवं मिशन शक्ति योजना के अंतर्गत जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया।कार्यक्रम में विद्यालय की छात्राओं एवं स्टाफ ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। विभागीय टीम ने छात्राओं के साथ संवाद स्थापित करते हुए उन्हें अपने विचार,अनुभव एवं सुरक्षा संबंधी विषयों पर खुलकर चर्चा करने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में बताया गया कि वर्तमान समय में महिलाएं शिक्षा, विज्ञान,प्रशासन,खेल,उद्योग सहित प्रत्येक क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश का नाम रोशन कर रही हैं। महिलाएं घर एवं कार्यस्थल दोनों की जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर समाज की प्रगति में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। महिलाओं के सशक्त होने से परिवार एवं समाज दोनों मजबूत होते हैं।कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को महिला सुरक्षा एवं आपातकालीन सहायता से संबंधित हेल्पलाइन नंबर 112, 181, 108, 1090, 1098 एवं 1076 की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्हें बताया गया कि किसी भी प्रकार की समस्या, उत्पीड़न अथवा आपात स्थिति में वे इन हेल्पलाइन नंबरों पर 24×7 संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकती हैं।जेंडर स्पेशलिस्ट राखी राय ने किशोरावस्था के दौरान होने वाले शारीरिक एवं मानसिक परिवर्तनों, उनके प्रभावों तथा उनसे जुड़ी आवश्यक सावधानियों की विस्तार से जानकारी दी। साथ ही महिला कल्याण विभाग द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं एवं उनके लाभों के बारे में भी छात्राओं को जागरूक किया गया।इस अवसर पर महिला कल्याण विभाग से जिला मिशन कोऑर्डिनेटर अर्चना राय,जेंडर स्पेशलिस्ट राखी राय,जेंडर स्पेशलिस्ट तृप्ति,विद्यालय की वार्डेन नेहा गुप्ता,विद्यालय का स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
