आमिर, देवल ब्यूरो ,जलालपुर । जौनपुर माध्यमिक शिक्षा परिषद वाराणसी के क्षेत्रीय सचिव भास्कर मिश्रा ने गुरुवार को जलालपुर स्थित बयालसी इंटर कॉलेज का औचक निरीक्षण कर विद्यालय में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण का उद्देश्य आगामी बोर्ड परीक्षाओं के लिए परीक्षा केंद्रों के चयन से पूर्व विद्यालयों की व्यवस्थाओं का मूल्यांकन करना था।
क्षेत्रीय सचिव ने बताया कि माध्यमिक शिक्षा परिषद के निर्देशानुसार केवल उन्हीं विद्यालयों को बोर्ड परीक्षा केंद्र बनाया जाएगा, जहां सभी आवश्यक सुविधाएं निर्धारित मानकों के अनुरूप उपलब्ध हों। इसी क्रम में उन्होंने विद्यालय की परीक्षा कक्षाओं, शौचालयों, बाउंड्री वॉल, विद्युत व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरों, इंटरनेट सुविधा, विज्ञान प्रयोगशालाओं, पेयजल व्यवस्था तथा स्ट्रांग रूम सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान विद्यालय में उपलब्ध सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। साफ-सफाई, सुरक्षा और परीक्षा संचालन से जुड़ी तैयारियों पर क्षेत्रीय सचिव ने संतोष व्यक्त किया तथा विद्यालय प्रशासन के प्रयासों की सराहना की।
निरीक्षण के अंत में क्षेत्रीय सचिव भास्कर मिश्रा ने विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं स्टाफ को बेहतर व्यवस्थाएं बनाए रखने के लिए साधुवाद दिया और भविष्य में भी इसी प्रकार गुणवत्तापूर्ण व्यवस्थाएं बनाए रखने की अपेक्षा व्यक्त की।
