देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। मानसून के मौसम में संचारी रोगों की रोकथाम के लिए जनपद में विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान को तेज कर दिया गया है। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर गुरुवार को ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में व्यापक स्वच्छता एवं जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। अभियान के तहत सफाई, फॉगिंग, जलभराव वाले क्षेत्रों की निगरानी, हैंडपंपों की मरम्मत तथा लोगों को संचारी रोगों से बचाव के प्रति जागरूक करने पर विशेष जोर दिया गया।
स्वास्थ्य, पंचायतीराज, नगर निकाय, शिक्षा, बाल विकास तथा अन्य विभागों के समन्वय से चलाए गए अभियान के दौरान उच्च जोखिम वाले गांवों में माइक्रोप्लान के अनुरूप विशेष स्वच्छता अभियान संचालित किया गया। सफाईकर्मियों, पंचायत सहायकों, आशा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं एवं ग्राम प्रधानों ने घर-घर पहुंचकर लोगों को डेंगू, मलेरिया, चिकनगुनिया, जापानी इंसेफेलाइटिस तथा अन्य संचारी रोगों से बचाव के उपायों की जानकारी दी। जनपद के विभिन्न विद्यालयों में छात्र-छात्राओं ने जागरूकता रैलियां और प्रभात फेरियां निकालकर स्वच्छता का संदेश दिया। ग्राम पंचायतों में जनजागरूकता सभाएं आयोजित की गईं, जहां साफ-सफाई, स्वच्छ पेयजल के उपयोग, जलभराव रोकने और व्यक्तिगत स्वच्छता बनाए रखने के लिए लोगों को प्रेरित किया गया। अभियान के दौरान गांवों और नगर पंचायत क्षेत्रों में नालियों की सफाई, झाड़ियों की कटाई, खराब हैंडपंपों का चिन्हीकरण एवं मरम्मत, हैंडपंप चबूतरों का सुधार, शौचालय निर्माण तथा वार्डों में फॉगिंग कराई गई। इसके अलावा पशुपालकों को भी पशुशालाओं की नियमित सफाई और कृतंक नियंत्रण के संबंध में जागरूक किया गया, ताकि संक्रमण फैलने की संभावना को कम किया जा सके। जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि घरों और आसपास पानी जमा न होने दें, साफ-सफाई बनाए रखें तथा बुखार या अन्य लक्षण दिखाई देने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर संपर्क करें। प्रशासन का कहना है कि संचारी रोगों की रोकथाम के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा और सभी विभागों को प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
.jpg)