देवल, ब्यूरो चीफ,शक्तिनगर, सोनभद्र। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत शक्तिनगर थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए ऑनलाइन ठगी की शिकार एक युवती के खाते में 28,510 की पूरी धनराशि वापस कराकर सराहनीय सफलता हासिल की है।
पुलिस के अनुसार, बीना निवासी अंकिता तिवारी के साथ अज्ञात साइबर ठगों ने ऑनलाइन फ्रॉड कर 28,510 की धनराशि अपने खाते में ट्रांसफर करा ली थी। शिकायत मिलते ही साइबर टीम ने संबंधित बैंक से समन्वय स्थापित किया और एमआरएम (मनी रिफंड मॉड्यूल) पोर्टल के माध्यम से ठगी की गई पूरी राशि को होल्ड कराकर पीड़िता के मूल बैंक खाते में वापस करा दिया। खोई हुई रकम वापस मिलने पर अंकिता तिवारी ने शक्तिनगर पुलिस की त्वरित कार्रवाई की
सराहना करते हुए पुलिस अधीक्षक, अपर पुलिस अधीक्षक और साइबर टीम का आभार व्यक्त किया। पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अज्ञात व्यक्ति के साथ आधार कार्ड, पैन कार्ड, बैंक खाता, नेट बैंकिंग, पासवर्ड, ओटीपी या अन्य गोपनीय बैंकिंग जानकारी साझा न करें। यदि किसी प्रकार की साइबर ठगी का शिकार हों तो तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर कॉल करें।
