देवल संवाददाता, बूढ़नपुर (आजमगढ़)। मानसून की पहली बारिश ने ही बूढ़नपुर तहसील परिसर में विकास कार्यों की हकीकत उजागर कर दी। हल्की से मध्यम बारिश के बाद पूरे तहसील परिसर में जगह-जगह जलभराव हो गया, जिससे फरियाद लेकर आने वाले लोगों, अधिवक्ताओं, कर्मचारियों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
तहसील परिसर में पानी भर जाने के कारण लोगों को कीचड़ और जलभराव के बीच होकर गुजरना पड़ा। वहीं, दोपहिया और चारपहिया वाहन भी पानी में खड़े करने को लोग मजबूर दिखे। बारिश के बाद परिसर तालाब जैसी स्थिति में नजर आया, जिससे व्यवस्थाओं पर सवाल उठने लगे हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील परिसर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण हर वर्ष बारिश के दौरान यही स्थिति उत्पन्न होती है, लेकिन अब तक इस समस्या का स्थायी समाधान नहीं किया गया। लोगों का कहना है कि जब जिम्मेदार अधिकारियों के कार्यालय परिसर का ही यह हाल है, तो क्षेत्र में विकास कार्यों की गुणवत्ता का सहज ही अंदाजा लगाया जा सकता है।
फरियादियों ने मांग की है कि तहसील परिसर में जल निकासी की समुचित व्यवस्था कराई जाए, ताकि बारिश के दिनों में आम नागरिकों को अनावश्यक परेशानियों का सामना न करना पड़े। अब देखना यह होगा कि संबंधित अधिकारी इस गंभीर समस्या का संज्ञान लेकर स्थायी समाधान की दिशा में कब तक ठोस कदम उठाते हैं।
