आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। स्कूली बच्चों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग का "मिशन सेफ फ्यूचर" अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रहा। अभियान के तहत नियमों की अनदेखी करने वाले स्कूल वाहनों और अनधिकृत यात्री बसों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई।
सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) सत्येंद्र कुमार सिंह एवं यात्री/मालकर अधिकारी की संयुक्त टीम ने जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्कूली बसों की गहन जांच की। जांच के दौरान कई वाहनों में फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट तथा अन्य आवश्यक दस्तावेजों की कमी पाई गई। इस पर कार्रवाई करते हुए अब तक 15 स्कूली बसों को सीज कर दिया गया, जबकि 32 बसों का चालान किया गया।
एआरटीओ (प्रवर्तन) ने बताया कि बिना वैध फिटनेस, परमिट या निर्धारित सुरक्षा मानकों के संचालित किसी भी स्कूली वाहन को बख्शा नहीं जाएगा। ऐसे वाहनों के खिलाफ सीज और चालान की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
उन्होंने सभी विद्यालय प्रबंधकों, प्रधानाचार्यों और वाहन स्वामियों से अपील की कि जिन वाहनों की फिटनेस या परमिट की वैधता समाप्त हो चुकी है, उसका तत्काल नवीनीकरण कराएं और सभी सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करें, ताकि विद्यार्थियों की सुरक्षित यात्रा में कोई जोखिम न रहे।
अभियान के दौरान परिवहन विभाग ने अनधिकृत रूप से संचालित 4 यात्री बसों को भी सीज किया, जबकि 11 अन्य यात्री बसों का चालान कर नियमों के पालन का संदेश दिया। परिवहन विभाग ने स्पष्ट किया कि यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
