देवल संवाददाता, आजमगढ़। रौनापार थाना पुलिस ने 14 वर्षीय किशोरी को कथित रूप से प्रताड़ित कर आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरित करने के मामले में वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी मंगलवार को कल्याणपुर पुलिया के पास से की गई।
पुलिस के मुताबिक, 19 जुलाई 2026 को गोरखपुर जनपद के बड़हलगंज थाना क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने रौनापार थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि उसकी 14 वर्षीय पुत्री को करीब चार माह पहले बेलकुंडा रसूलपुर निवासी लक्की राना बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया था। इस संबंध में पहले बड़हलगंज थाने में भी मुकदमा दर्ज हुआ था। बाद में दोनों पक्षों के बीच समझौता हुआ, जिसके तहत किशोरी को आरोपी के घर रखा गया था और बालिग होने पर विवाह कराने की बात तय हुई थी।
वादी का आरोप है कि इसके बाद लक्की राना, उसके पिता करन, काजल, हिना और सुरेश द्वारा किशोरी को लगातार मानसिक रूप से प्रताड़ित किया जाता था। तहरीर में आरोप लगाया गया कि उसे अपमानित करते हुए बार-बार कहा जाता था कि “मर जाती तो अच्छा रहता।” लगातार प्रताड़ना से परेशान होकर किशोरी ने 19 जुलाई की सुबह करीब चार बजे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
मामले में रौनापार थाने पर मु0अ0सं0 207/2026 के तहत धारा 108 बीएनएस में मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की गई।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के दौरान मुखबिर की सूचना पर थाना रौनापार पुलिस ने मंगलवार सुबह करीब 10:15 बजे कल्याणपुर पुलिया के पास से लक्की राना (19 वर्ष) पुत्र करन, निवासी बेलकुंडा रसूलपुर, थाना रौनापार को गिरफ्तार कर लिया। आवश्यक विधिक कार्रवाई के बाद आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है तथा अन्य नामजद आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है।
