देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। चुर्क-गुरमा नगर पंचायत क्षेत्र के गुरमा जिला जेल मुख्य मार्ग स्थित वार्ड संख्या 9 में नाली निर्माण कार्य अधूरा छोड़ दिए जाने से स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगभग एक वर्ष पूर्व निर्मित नाली का एक हिस्सा अब तक खुला पड़ा है, जिससे दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ गई है। साथ ही नाली से उठ रही दुर्गंध और गंदगी के कारण आसपास के रहवासी परेशान हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार वर्ष 2025 में निर्मल यादव और इकबाल कुरैशी के घर के सामने नई नाली का निर्माण कराया गया था, लेकिन निर्माण कार्य के दौरान एक हिस्से को खुला छोड़ दिया गया। एक वर्ष बीत जाने के बावजूद नाली को ढंका नहीं गया है। रात के समय अंधेरे में राहगीरों के गिरने और दुर्घटनाग्रस्त
होने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। नगरवासियों का कहना है कि इस संबंध में कई बार नगर पंचायत प्रशासन, जनप्रतिनिधियों तथा संबंधित अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है। इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं किया गया। लोगों का आरोप है कि नगर पंचायत इस गंभीर समस्या पर ध्यान नहीं दे रही है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। पूर्व सभासद नेत्रपाल सहित बच्चा सिंह, राजू गुप्ता, पिंटू मौर्य, सुरेंद्र कुमार, मारकण्डेय, एस.के. गुप्ता, निर्मल यादव, अफरोज कुरैशी और शुभम गुप्ता समेत अन्य नागरिकों ने जिलाधिकारी से मामले का संज्ञान लेकर स्थलीय निरीक्षण कराने तथा जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए खुली नाली को तत्काल ढंकवाने की मांग की है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कोई बड़ी दुर्घटना हो सकती है। वहीं इस संबंध में नगर पंचायत चुर्क-गुरमा के अधिशासी अधिकारी अमित कुमार सरोज से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका पक्ष प्राप्त नहीं हो सका।
.jpg)