गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने उठाई विभिन्न समस्याएं
देवल, ब्यूरो चीफ,डाला, सोनभद्र। विकास खंड चोपन की ग्राम पंचायत कोटा के परासपानी टोला में गुरुवार को हर घर जल योजना की खामियों, बिजली आपूर्ति की समस्या तथा ग्राम समाज एवं आदिवासियों की भूमि पर कथित कब्जे के विरोध में सैकड़ों ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के नेतृत्व में आयोजित प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने परासपानी स्थित पानी टंकी परिसर में एकत्र होकर जिलाधिकारी का ध्यान विभिन्न समस्याओं की ओर आकृष्ट कराया।
ग्रामीणों का आरोप है कि हर घर जल योजना के अंतर्गत निर्मित पानी टंकी एवं पंपिंग स्टेशन का निर्माण गहरी खाईयुक्त भूमि पर किया गया है। बरसात के
दिनों में आसपास का गंदा पानी टंकी परिसर में भर जाता है, जिससे दूषित जल की आपूर्ति घरों तक होने लगती है। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि बरसात का मौसम शुरू होने वाला है और यदि समय रहते व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो लोगों को दूषित पानी पीने के लिए मजबूर होना पड़ेगा, जिससे संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ सकता है। प्रदर्शन के दौरान गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के राष्ट्रीय प्रचार मंत्री आर. के. सिंह ने कहा कि करोड़ों रुपये खर्च कर बनाई गई जलापूर्ति योजना का लाभ ग्रामीणों को अपेक्षित रूप से नहीं मिल पा रहा है। कई घरों में नल लगाए गए हैं, लेकिन नियमित जलापूर्ति नहीं हो रही है। वहीं टंकी परिसर में जलभराव होने से संपर्क मार्ग भी प्रभावित हो जाता है। ग्रामीणों ने यह भी आरोप लगाया कि परासपानी टोला के कई घर आज भी बिजली सुविधा से वंचित हैं। इसके अलावा ग्राम समाज की भूमि एवं आदिवासियों को पट्टे पर आवंटित जमीन पर कोटा ग्राम पंचायत के पूर्व प्रधान के पुत्र द्वारा कथित रूप से अवैध कब्जा कर निर्माण कार्य कराया जा रहा है। प्रदर्शन में शामिल पूर्व प्रधान शिव प्रसाद, पूर्व प्रधान रामचंद्र गोंड सहित अन्य ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से जलापूर्ति व्यवस्था दुरुस्त कराने, बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा भूमि कब्जे के मामले की जांच कर कार्रवाई किए जाने की मांग की। इस अवसर पर हंसलाल, विजयपथ, रामबरन, पक्षीराम, रामलखन, जगदीश शर्मा, मोहन, हरिनाथ, दयालु, परमेश्वर, देवासी, बद्री, हीरालाल, रजवंती, कौशल्या, पूनम, अनीता, राजदेव सहित सैकड़ों महिला एवं पुरुष ग्रामीण उपस्थित रहे।
.jpg)