देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर (सोनभद्र)। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर शुक्रवार को म्योरपुर ब्लॉक परिसर स्थित अमृत सरोवर के समीप पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अधिकारियों, कर्मचारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न प्रजातियों के पौधे रोपित कर पर्यावरण संरक्षण और हरित वातावरण बनाए रखने का संदेश दिया।
वक्ताओं ने कहा कि बढ़ते प्रदूषण और जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से निपटने के लिए अधिक से अधिक वृक्षारोपण करना और लगाए गए पौधों का संरक्षण करना आवश्यक है। लोगों से अपने आसपास पौधे लगाने तथा उनकी नियमित देखभाल करने का आह्वान भी किया गया। खंड विकास अधिकारी दिनेश कुमार मिश्रा ने कहा कि पौधारोपण केवल एक दिन का कार्यक्रम नहीं, बल्कि प्रकृति और पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। यदि प्रत्येक व्यक्ति एक पौधा लगाकर उसकी देखरेख का संकल्प ले, तो पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को आसानी से प्राप्त किया जा सकता है। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण की शपथ लेते हुए क्षेत्र को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि वृक्ष न केवल शुद्ध वायु प्रदान करते हैं, बल्कि पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। पौधारोपण कार्यक्रम में एडीओ पंचायत अजय सिंह, एपीओ चंदन सिंह, ग्राम प्रधान कुंडाडीह सुरेंद्र चंद्रवंशी, ग्राम विकास अधिकारी राघवेंद्र सिंह, लेखाकार पीयूष मिश्रा, रोजगार सेवक प्रदीप कुमार सहित ब्लॉक के अधिकारी, कर्मचारी एवं स्थानीय नागरिक मौजूद रहे। सभी ने मिलकर पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
.jpg)