कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।भारत की सबसे बड़ी विज्ञान प्रतिभा खोज परीक्षा "विद्यार्थी विज्ञान मंथन (VVM) 2026-27" के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है। विज्ञान भारती (विभा), राष्ट्रीय शैक्षिक अनुसंधान एवं प्रशिक्षण परिषद (NCERT), शिक्षा मंत्रालय,भारत सरकार तथा राष्ट्रीय विज्ञान संग्रहालय परिषद (NCSM), संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस राष्ट्रीय प्रतियोगिता का उद्देश्य देशभर के मेधावी विद्यार्थियों की वैज्ञानिक प्रतिभा की पहचान कर उन्हें अनुसंधान, नवाचार एवं विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करना है। विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2026-27 में विद्यार्थियों की अधिकतम सहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से अवध प्रांत के अंतर्गत जनपद अम्बेडकरनगर में विशेष जागरूकता अभियान संचालित किया गया। इस अवसर पर जनपद की जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्र द्वारा प्रतियोगिता के आधिकारिक पोस्टर का विमोचन किया गया। कार्यक्रम में विज्ञान भारती अवध प्रांत के राज्य समन्वयक नीरज यादव तथा जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) डॉ. सुरेश कुमार तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस अवसर पर जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. पूनम मिश्र ने कहा कि *"राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अनुरूप विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण,तार्किक चिंतन एवं नवाचार क्षमता का विकास समय की आवश्यकता है।* विद्यार्थी विज्ञान मंथन जैसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति प्रेरित करने के साथ-साथ उन्हें देश की वैज्ञानिक विरासत से भी परिचित कराते हैं। जनपद के सभी विद्यालयों को इस अभियान से जुड़कर अधिकाधिक विद्यार्थियों की सहभागिता सुनिश्चित करनी चाहिए।" विज्ञान भारती अवध प्रांत के राज्य समन्वयक नीरज यादव ने कहा कि "विद्यार्थी विज्ञान मंथन केवल एक प्रतियोगिता नहीं,बल्कि विज्ञान के प्रति जिज्ञासा,अनुसंधान की भावना एवं नवाचार संस्कृति विकसित करने का राष्ट्रीय अभियान है। यह मंच विद्यार्थियों को भारतीय वैज्ञानिक परंपरा और आधुनिक विज्ञान दोनों से जोड़ता है। हमें विश्वास है कि अम्बेडकरनगर जनपद से बड़ी संख्या में विद्यार्थी इस परीक्षा में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।" कार्यक्रम में उपस्थित जिला समन्वयक (प्रशिक्षण) डॉ. सुरेश कुमार तिवारी ने कहा कि "ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों के विद्यार्थियों तक विज्ञान आधारित अवसरों को पहुँचाना हमारा प्रमुख लक्ष्य है। विद्यार्थी विज्ञान मंथन विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करता है तथा उन्हें भविष्य में वैज्ञानिक, शोधकर्ता एवं नवप्रवर्तक बनने के लिए प्रेरित करता है। विद्यालयों,शिक्षकों एवं अभिभावकों को विद्यार्थियों के पंजीकरण में सक्रिय सहयोग करना चाहिए।"
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी द्वारा जनपद के समस्त विकासखंड के खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी कर कक्षा 6 से 8 तक के विद्यालयों एवं विभिन्न शिक्षा बोर्डों के प्रधानाध्यापकों को विद्यार्थी विज्ञान मंथन 2026-27 संबंधी आधिकारिक पत्र जारी कर प्रतियोगिता के लिए व्यापक प्रचार-प्रसार तथा विद्यार्थियों के पंजीकरण कर अधिक से अधिक प्रभावित हेतु निर्देशित किया। प्रतियोगिता में कक्षा 6 से 11 तक के सभी बोर्डों के विद्यार्थी ऑनलाइन माध्यम से www.vvm.org.in पर पंजीकरण कर सकते हैं। आवेदन की अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2026 निर्धारित की गई है तथा पंजीकरण शुल्क ₹200 रखा गया है। ऑनलाइन परीक्षा का आयोजन नवंबर 2026 में निर्धारित तिथियों पर किया जाएगा तथा परीक्षा परिणाम 30 नवम्बर 2026 को घोषित किया जाएगा।
प्रत्येक कक्षा के शीर्ष 25 विद्यार्थियों को राज्य स्तरीय शिविर में भाग लेने का अवसर मिलेगा, जबकि प्रत्येक राज्य से चयनित शीर्ष 12 विद्यार्थियों को राष्ट्रीय स्तरीय शिविर हेतु चयनित किया जाएगा। राष्ट्रीय स्तर के शिविर में चयनित विद्यार्थियों को डीआरडीओ, इसरो, सीएसआईआर तथा भाभा परमाणु अनुसंधान केंद्र (BARC) जैसी प्रतिष्ठित राष्ट्रीय प्रयोगशालाओं में प्रशिक्षण एवं इंटर्नशिप के विशेष अवसर प्रदान किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त राष्ट्रीय स्तर पर प्रत्येक कक्षा के प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त विद्यार्थियों को क्रमशः ₹25,000, ₹15,000 एवं ₹10,000 की पुरस्कार राशि, एक वर्ष की भास्कर छात्रवृत्ति तथा विशेष वैज्ञानिक परियोजनाओं पर कार्य करने का अवसर प्रदान किया जाएगा।
