देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर, सोनभद्र। स्थानीय थाना क्षेत्र के लिलासी गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर हुए विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने छह नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना सोमवार देर रात की बताई जा रही है।
पेट्रोल पंप संचालक राज गौरव यादव निवासी लिलासी ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सोमवार रात करीब 11 बजे वह अपने भाई सर्वजीत यादव के साथ गौरव फिलिंग स्टेशन पर मौजूद थे। इसी दौरान अखिलेश गुप्ता निवासी करकच्छी पेट्रोल भरवाने पहुंचे। बिजली आपूर्ति बाधित होने के कारण नोजलमैन ने बिजली आने पर पेट्रोल देने की बात कही। कुछ देर बाद बिजली आने पर उनकी बाइक में सौ रुपये का पेट्रोल भरा गया। आरोप है कि पेट्रोल भरवाने के बाद अखिलेश गुप्ता का नोजलमैन से विवाद हो गया। कर्मचारियों द्वारा समझाने के बाद वह वहां से चले गए, लेकिन कुछ देर बाद अपने साथियों के साथ दोबारा पेट्रोल पंप पर पहुंचकर गाली-गलौज और हंगामा करने लगे। तहरीर के अनुसार, मुकुंदीलाल उर्फ गोलू निवासी धनखोर, यशवंत गुप्ता निवासी खोतोमहुआ, आकाश बंसल निवासी बजिया (थाना बभनी), आशीष भास्कर निवासी रन्नू (थाना दुद्धी) तथा पंकज निवासी कोंगा (थाना बभनी) समेत अन्य लोगों ने एक राय होकर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। मारपीट में सर्वजीत यादव के हाथ में गंभीर चोटें आईं, जबकि उनका मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। आरोप है कि जाते समय आरोपियों ने पुलिस में शिकायत करने पर जान
से मारने की धमकी भी दी। थानाध्यक्ष रविकांत मिश्रा ने बताया कि पीड़ित की तहरीर के आधार पर छह नामजद आरोपियों के खिलाफ बलवा, मारपीट, धमकी और अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अशांति फैलाने और कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
.jpg)