देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ की अध्यक्षता में सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिला शिक्षा एवं अनुश्रवण समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसमें शिक्षा विभाग की विभिन्न योजनाओं तथा विद्यालयों में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। बैठक के दौरान विद्यालयों में आधारभूत सुविधाओं की कमी, विद्युतीकरण कार्यों की स्थिति और मिड-डे मील व्यवस्था को लेकर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि ऑपरेशन कायाकल्प के अंतर्गत जिन विद्यालयों में अभी तक मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध नहीं हो सकी हैं, उन्हें शीघ्र संतृप्त किया जाए। उन्होंने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देश दिया कि विद्यालयों में पेयजल, शौचालय, रैंप, यूरिनल सहित अन्य आवश्यक सुविधाओं की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा खराब पड़ी व्यवस्थाओं की मरम्मत प्राथमिकता के आधार पर कराई जाए। बैठक में विद्यालयों के विद्युतीकरण कार्यों की समीक्षा के दौरान अधिशासी अभियंता पिपरी द्वारा प्रस्तुत जानकारी का जिलाधिकारी ने दूरभाष के माध्यम से सत्यापन कराया। जांच में सूचना भ्रामक और तथ्यहीन पाए जाने पर उन्होंने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अभियंता पिपरी के वेतन भुगतान पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाने के निर्देश दिए। साथ ही अधीक्षण अभियंता विद्युत को चेतावनी जारी करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में गलत अथवा भ्रामक जानकारी देने वाले अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिलाधिकारी ने विद्यालयों में नियमित साफ-सफाई, फर्सट एड बॉक्स की उपलब्धता, शत-प्रतिशत विद्युतीकरण तथा गुणवत्तापूर्ण मिड-डे मील व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि विद्यालय खुलने के बाद जिला स्तरीय अधिकारी नियमित निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें और अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करें, जिससे बच्चों को बेहतर शैक्षिक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, जिला पंचायत राज अधिकारी नामित शरण, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी मुकुल आनंद पाण्डेय, जिला विद्यालय निरीक्षक जयराम सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
.jpg)