देवल संवाददाता, लखनऊ।आम आदमी पार्टी के उत्तर प्रदेश प्रभारी व राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने राम मंदिर के चढ़ावे के मामले को लेकर भाजपा और राम मंदिर ट्रस्ट पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के शासन में देश के संसाधनों, संस्थाओं और जनता के अधिकारों पर लगातार हमले हो रहे हैं, अब उसी दौर में भगवान श्रीराम के नाम पर श्रद्धालुओं द्वारा चढ़ाए गए धन में चोरी के आरोप सामने आना अत्यंत शर्मनाक और चिंताजनक है।
संजय सिंह ने बयान जारी कर कहा कि कल से पार्टी लगातार यह सवाल उठा रही है कि राम मंदिर के दान पात्र और चढ़ावे में गड़बड़ी हुई है। भाजपा के नेता और उनके समर्थक इन आरोपों को झूठ बताने में लगे थे, लेकिन अब सामने आ रही जानकारियों से स्पष्ट हो गया है कि चढ़ावे में चोरी के मामले में गिरफ्तारियां हुई हैं और जांच एजेंसियों को भी कार्रवाई करनी पड़ी है।
उन्होंने कहा कि जब देश के सामने तथ्य आ चुके हैं तो भाजपा और ट्रस्ट के जिम्मेदार लोगों को जवाब देना चाहिए। करोड़ों रामभक्त अपनी मेहनत की कमाई श्रद्धा के साथ भगवान श्रीराम के चरणों में अर्पित करते हैं। उस धन की सुरक्षा और पारदर्शिता सुनिश्चित करना ट्रस्ट की जिम्मेदारी है।
