लाखों रुपए से निर्मित सड़क को तोड़कर कर दिया गड्ढे में तब्दील
कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।जल जीवन मिशन के ठेकेदार की मनमानी की वजह से आम जनमानस का जीना दुश्वार हो गया है। लाखों रुपए से नवनिर्मित सड़क को तोड़कर गड्ढे में तब्दील कर दिया गया है। जिसकी वजह से आसपास बनी नालियां मलवे से पट चुकी। नालिया मलवे से पट जाने की वजह से लोगों के घरों से निकलने वाला गंदा पानी नाले में ना जाकर सड़क पर बह रहा है।
यह पूरा मामला अंबेडकर नगर जिले के नगर पंचायत जहांगीरगंज के वार्ड नंबर 16 का। जहां पर जल जीवन मिशन के ठेकेदार के द्वारा सड़क तोड़कर पाइप डालने के उपरांत यथा स्थिति में छोड़ दिया गया है। जिससे लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है । यह सड़क हाल ही में लाखों रुपए से बनाई गई थी।
उत्तर प्रदेश सरकार का सख्त निर्देश है कि जल जीवन मिशन के ठेकेदार के द्वारा सड़क खोदकर पाइप डालने के उपरांत सड़क को अच्छी तरह से बना दिया जाए। लेकिन यह निर्देश नगर पंचायत जहागीरगंज में कार्यरत ठेकेदार के लिए मान्य नहीं है। अंबेडकर नगर जिले की जिला अधिकारी ईशा प्रिया भी आगामी बरसात को देखते हुए सभी नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारियो को शख्त हिदायत दिया है कि अपने नगर के सभी वार्डों में स्थिति नाले एवं नालियों को बरसात से पहले साफ कर ले।
इस विषय में अधिशासी अधिकारी उमेश कुमार पासी से बात करने पर उन्होंने बताया कि इस विषय में ठेकेदार से कई बार शिकायत किया गया है लेकिन ठेकेदार की मनमानी की वजह से आम जनजीवन परेशान है । इसकी शिकायत ऊपर की जाएगी।
