देवल, ब्यूरो चीफ,रेणुकूट, सोनभद्र। हिंदी पत्रकारिता दिवस के अवसर पर पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन के तत्वावधान में स्थानीय होटल पद्मिनी में भव्य संगोष्ठी एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का विषय पत्रकारिता तब और अब रहा, जिसमें वक्ताओं ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, चुनौतियों और सामाजिक दायित्वों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की मुख्य अतिथि नगर पंचायत रेणुकूट की अध्यक्ष ममता सिंह रहीं, जबकि विशिष्ट अतिथियों में भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं प्रदेश कार्यसमिति सदस्य चांद प्रकाश जैन, ग्रासिम इंडस्ट्रीज की जनसंपर्क अधिकारी चांदनी, पूर्वांचल मीडिया क्लब के अध्यक्ष विवेक कुमार पाण्डेय, वरिष्ठ पत्रकार दीपक सिंह एवं पत्रकार अखिलेश जायसवाल शामिल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता कृष्णा उपाध्याय ने की तथा संचालन पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एवं वरिष्ठ पत्रकार शेख जलालुदीन ने किया। मुख्य अतिथि ममता सिंह ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है और समाज को सही दिशा देने में इसकी महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि पहले पत्रकारिता मिशन के रूप में की जाती थी, जहां जनहित सर्वोपरि रहता था, जबकि आज तकनीक और सोशल मीडिया के दौर में पत्रकारों के सामने सत्यता और विश्वसनीयता बनाए रखने की बड़ी चुनौती है। भाजपा नेता चांद प्रकाश जैन ने निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता को समाज के लिए आवश्यक बताते हुए कहा कि कुछ लोग फर्जी पत्रकारिता का चोला पहनकर सम्मानित व्यक्तियों को बदनाम करने और ब्लैकमेलिंग का प्रयास करते हैं, जिससे वास्तविक पत्रकारों की साख प्रभावित होती है। उन्होंने ऐसे लोगों की पहचान कर उनके बहिष्कार की आवश्यकता पर बल दिया। पूर्वांचल पत्रकार एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष शेख जलालुदीन ने कहा कि समय के साथ पत्रकारिता का स्वरूप बदला है, लेकिन इसके मूल मूल्य आज भी वही हैं। उन्होंने पत्रकारों से निष्पक्षता, सत्यता और सामाजिक सरोकारों को सर्वोच्च प्राथमिकता देने तथा पत्रकारिता की गरिमा बनाए रखने का आह्वान किया। विशिष्ट अतिथि विवेक कुमार पाण्डेय ने पत्रकारों को निष्पक्ष पत्रकारिता करने और संगठनात्मक रूप से एकजुट रहने की सलाह दी। वहीं दीपक सिंह और अखिलेश जायसवाल ने डिजिटल युग में मीडिया की भूमिका, फेक न्यूज की चुनौती और पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर अपने विचार रखे।
.jpg)