कृष्ण, देवल ब्यूरो, अंबेडकर नगर ।अम्बेडकरनगर जनपद के विकासखंड टांडा अंतर्गत ग्राम पंचायत ब्राहिमपुर कुसमा में जिलाधिकारी ईशा प्रिया की अध्यक्षता में रात्रिकालीन चौपाल का आयोजन किया गया। चौपाल में मुख्य विकास अधिकारी, जिला विकास अधिकारी, उपायुक्त मनरेगा, उपायुक्त एनआरएलएम, परियोजना निदेशक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, उपजिलाधिकारी सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।चौपाल में अधिकारियों ने ग्रामीणों को शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने बच्चों का अन्नप्राशन संस्कार किया तथा स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा लगाए गए स्टॉल और स्वास्थ्य विभाग के प्रदर्शन का अवलोकन भी किया।
*जनशिकायतों का मौके पर निस्तारण*
इस अवसर पर प्राप्त जनशिकायतों और आईजीआरएस प्रकरणों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने यथासंभव कई प्रकरणों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया। शेष प्रकरणों के शीघ्र निपटारे के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।रास्ता और भूमि विवाद से जुड़ी शिकायतों पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को एक सप्ताह के अंदर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए। चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने धूल और प्रदूषण की समस्या भी उठाई, जिस पर जिलाधिकारी ने उपजिलाधिकारी को तत्काल जांच कर उचित कार्रवाई करने के निर्देश दिए।जिलाधिकारी ईशा प्रिया ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप जनसमस्याओं का त्वरित और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को चौपाल में प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।यह रात्रिकालीन चौपाल ग्रामीण क्षेत्रों में प्रशासन को जनता के द्वार तक ले जाने और समस्याओं के त्वरित समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
