आमिर, देवल ब्यूरो ,जौनपुर। लाइन बाजार थाना क्षेत्र में सोमवार रात हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में स्कूटी सवार व्यक्ति की मौत हो गई। तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हुए व्यक्ति को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद चालक ट्रक छोड़कर मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, लाइन बाजार थाना क्षेत्र के कब्रुद्दीनपुर निवासी रमेश कुमार (40) पुत्र रामदुलार सोमवार रात करीब 8:50 बजे स्कूटी से जौनपुर शहर आए थे। बताया जाता है कि वह किसी जरूरी कार्य से निकले थे। जब वह प्रसाद चौराहे के समीप चौकियां मार्ग की ओर जाने वाली गली के पास सड़क पार कर रहे थे, तभी तेज गति से आ रहे एक ट्रक ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि रमेश कुमार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल एंबुलेंस और पुलिस को सूचना दी। एंबुलेंस के माध्यम से घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
घटना की जानकारी मिलते ही लाइन बाजार थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हादसे में शामिल ट्रक संख्या UP 50 CT 6131 को कब्जे में ले लिया है। हालांकि दुर्घटना के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस उसकी पहचान और गिरफ्तारी के लिए प्रयास कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा परिजनों को घटना की सूचना दे दी है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। क्षेत्रीय लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया है।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और फरार चालक के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस हादसे ने एक बार फिर शहर में तेज रफ्तार वाहनों की समस्या और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।
.jpeg)