देवल, ब्यूरो चीफ,रेणुकूट (सोनभद्र)। रोमानिया की राजधानी बुखारेस्ट में आयोजित 8वीं वर्ल्ड क्वान की डो चौंपियनशिप-2026 में रजत पदक जीतकर देश, प्रदेश और जनपद का नाम रोशन करने वाले खिलाड़ी रवि सिंह को बधाई देने सोमवार को उत्तर प्रदेश सरकार के समाज कल्याण राज्य मंत्री संजीव कुमार गोड़ उनके आवास पहुंचे। मंत्री के आगमन पर हिण्डालको कॉलोनी में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला।
राज्य मंत्री ने रवि सिंह की उपलब्धि को युवाओं के लिए प्रेरणादायी बताते हुए कहा कि कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण से किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने आश्वासन दिया कि प्रदेश सरकार प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने और उन्हें हरसंभव सहयोग देने के लिए प्रतिबद्ध है।
रवि सिंह, जो हिण्डालको इंडस्ट्रीज लिमिटेड के बॉयलर को-जनरेशन विभाग में कार्यरत हैं, ने विश्व स्तरीय प्रतियोगिता में शानदार प्रदर्शन करते हुए रजत पदक अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में 37 देशों के खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया था। रवि सिंह ने वर्षों के निरंतर अभ्यास और मेहनत के बल पर यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। विशेष बात यह रही कि वह उत्तर प्रदेश के पहले खिलाड़ी बने, जिन्हें इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय क्वान की डो प्रतियोगिता में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर मिला। स्वर्गीय महामाया प्रसाद सिंह के पुत्र रवि सिंह की सफलता से पूरे रेणुकूट और सोनभद्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। मंत्री के आगमन के दौरान बड़ी संख्या में स्थानीय लोग, खेल प्रेमी और शुभचिंतक उन्हें बधाई देने पहुंचे। कॉलोनी में लोगों की भीड़ और वाहनों की लंबी कतारों के बीच उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर नगर पंचायत अध्यक्ष ममता सिंह, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य नागरिक भी उपस्थित रहे। वक्ताओं ने कहा कि रवि सिंह की उपलब्धि जिले के युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करेगी और राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए नई ऊर्जा प्रदान करेगी।
.jpg)