देवल, ब्यूरो चीफ,सोनभद्र। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के अंतर्गत आवास प्लस सर्वेक्षण-2024 की स्थायी पात्रता सूची को अंतिम रूप देने के लिए जिले की सभी ग्राम पंचायतों में 17 जून से 30 जून 2026 तक ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। यह निर्णय सोमवार को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में आयोजित खंड विकास अधिकारियों एवं ग्राम पंचायत सचिवों की बैठक में लिया गया।
बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि ग्राम सभाओं के माध्यम से पात्र एवं अपात्र लाभार्थियों का सत्यापन, सूची में आवश्यक संशोधन तथा प्राथमिकता क्रम का निर्धारण किया जाए। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी और जनसहभागिता आधारित होनी चाहिए। इसके लिए प्रत्येक ग्राम पंचायत में बैठक से पूर्व मुनादी, सोशल मीडिया और प्रिंट मीडिया के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक ग्रामीण अपनी उपस्थिति दर्ज करा सकें। जिलाधिकारी ने प्रत्येक ग्राम सभा की कार्यवाही का फोटो एवं वीडियो प्रलेखन कराने के निर्देश दिए। साथ ही कम से कम 10 छायाचित्रों के साथ प्रस्तुतीकरण (पीपीटी) तैयार करने को कहा। उन्होंने ग्राम पंचायत सचिवों को चेतावनी दी कि पात्रता सूची तैयार करने में किसी प्रकार की अनियमितता या पक्षपात पाए जाने पर संबंधित कार्मिक के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई की जाएगी। बैठक में उपजिलाधिकारियों और लेखपालों की उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा भूमि एवं आय संबंधी मामलों का मौके पर त्वरित निस्तारण करने के निर्देश भी दिए गए। ग्राम सभाओं के बाद अंतिम पात्रता सूची की वाल पेंटिंग ग्राम पंचायत सचिवालय एवं अन्य सार्वजनिक स्थलों पर कराई जाएगी। जिलाधिकारी ने बताया कि 1 से 15 जुलाई तक लाभार्थियों से आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी, जिनका परीक्षण जिला स्तरीय समिति द्वारा किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे निर्धारित तिथियों पर ग्राम सभा की बैठकों में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर पात्रता सूची को पारदर्शी और त्रुटिरहित बनाने में सहयोग करें। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जागृति अवस्थी, परियोजना निदेशक डीआरडीए एस. के. राय, सभी खंड विकास अधिकारी तथा ग्राम पंचायत सचिव उपस्थित रहे।
.jpg)