या हुसैन के गगनभेदी नारों से गूंजी बाजार सुरक्षा व्यवस्था में तैनात रही पुलिस
देवल संवाददाता, लालगंज (आजमगढ़) लालगंज और देवगांव में माह-ए-मोहर्रम और यौम-ए-आशूरा के मौके पर बाजार में जुलूस-ए-हुसैनी निकाला गया। यह जुलूस अपने निर्धारित मार्ग से होते हुए कर्बला पहुंचा। इस जुलूस में आसपास के क्षेत्रों से आईं परंपरागत ताजियां भी शामिल हुईं। ढोल-नगाड़ों की थाप पर बच्चों और युवाओं द्वारा लगाए गए या हुसैन के गगनभेदी नारों से पूरा बाजार गूंज उठा। जुलूस के दौरान देवगांव अज़ादार एसोसिएशन के अध्यक्ष सैफ जैदी के नेतृत्व में आधा दर्जन लोगों ने जंजीरी मातम भी किया। कर्बला में हक और बातिल की लड़ाई में शहीद हुए हजरत इमाम हुसैन और उनके साथियों की याद में मनाए जाने वाले मोहर्रम का पर्व लालगंज और देवगांव क्षेत्र में अकीदत और परंपरा के साथ मनाया जाता है। इस दौरान इमाम हसन और इमाम हुसैन की शहादत को याद कर खिराज-ए-अकीदत पेश किया गया। मोहर्रम के ताजियों के जुलूस में सांप्रदायिक सौहार्द की झलक भी देखने को मिली। लोगों ने अपनी मन्नतों की पूर्ति की कामना के साथ कर्बला मैदान में ताजियों पर शिरनी चढ़ाई और फातिहा पढ़ी। कर्बला चौक और आसपास के क्षेत्र में मेला भी लगा, जिसमें बड़ी संख्या में अकीदतमंदों के साथ सभी वर्गों के बच्चे, बुजुर्ग और युवा शामिल हुए। जुलूस को लेकर कानून -व्यवस्था बनाए रखने के लिए देवगांव पुलिस लालगंज चौकी प्रभारी और प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। जुलूस के मार्ग पर जगह -जगह पुलिस के जवान तैनात किए गए थे। वहीं अकीदतमंदों के लिए जगह-जगह पानी, रूह अफज़ा, मैंगो जूस और आइसक्रीम के स्टॉल लगाए गए, जहां लोगों की भीड़ नजर आई।
