देवल, ब्यूरो चीफ,म्योरपुर (सोनभद्र)। विकसित भारत की ओर 12 वर्षों की ऐतिहासिक यात्रा अभियान के तहत म्योरपुर विकास खंड परिसर में तीन दिवसीय जन-कल्याण शिविर एवं स्वास्थ्य मेले का शुभारंभ किया गया। 14 से 16 जून तक चलने वाले इस मेले में विभिन्न विभागों द्वारा संचालित जनहितकारी योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के साथ पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है।
कार्यक्रम की अध्यक्षता एसडीओ पंचायत अजय कुमार सिंह ने की। मेले में स्वास्थ्य, पशुपालन, शिक्षा, बाल विकास एवं पुष्टाहार, कृषि तथा ग्रामीण विकास सहित विभिन्न विभागों ने स्टॉल लगाकर अपनी योजनाओं का प्रदर्शन किया और ग्रामीणों को सरकारी सुविधाओं एवं लाभकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी प्रदान की। मुख्य अतिथि ब्लॉक प्रमुख मान सिंह गोड़ ने कहा कि केंद्र एवं प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान के लिए अनेक जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित कर रही है। इन योजनाओं की जानकारी अंतिम व्यक्ति तक पहुंचना जरूरी है, ताकि पात्र लाभार्थी योजनाओं का पूरा लाभ प्राप्त कर सकें। उन्होंने सुझाव दिया कि ऐसे शिविर और मेले न्याय पंचायत स्तर पर भी आयोजित किए जाएं, जिससे दूर-दराज के ग्रामीणों को भी आसानी से लाभमिल सके। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डॉ. लाल ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सुविधाओं, एंबुलेंस सेवाओं तथा आयुष्मान भारत योजना के महत्व पर प्रकाश डालते हुए लोगों से अधिक से अधिक आयुष्मान कार्ड बनवाने की अपील की। वहीं बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग ने महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण तथा कुपोषण से बचाव के लिए संचालित योजनाओं की जानकारी दी। शिक्षा विभाग के डॉ. रजनीश श्रीवास्तव ने डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) योजना, गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं छात्र हित में संचालित विभिन्न कार्यक्रमों के बारे में विस्तार से बताया। अन्य विभागों के अधिकारियों ने भी अपने-अपने विभागों की योजनाओं एवं उपलब्धियों से ग्रामीणों को अवगत कराया। मेले में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों के स्टॉलों का अवलोकन कर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम के अंत में ब्लॉक प्रमुख ने ग्राम प्रधानों, क्षेत्र पंचायत सदस्यों एवं ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में मेले में पहुंचकर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने की अपील की। उन्होंने कहा कि जन-जागरूकता ही योजनाओं की सफलता की कुंजी है और सरकार की मंशा है कि विकास एवं कल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इस अवसर पर एडीओ आईएसबी श्रीश त्रिपाठी, सीडीपीओ, सुधीर कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
.jpg)